Lucknow News: संजय गांधी पीजीआई लखनऊ में अब बिना चीरा और बायोप्सी के ब्रेन कैंसर के सबसे खतरनाक रूप ग्लियोब्लास्टोमा का पता लगाना संभव होगा। इसके लिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने 5.40 करोड़ रुपये दिए हैं, जिससे एक खास एंटीबॉडी ट्रेसर पर शोध शुरू हो रहा है।
इस जांच से ट्यूमर कहां है, कितना फैला है और इलाज का उस पर क्या असर हो रहा है, यह स्कैन से ही पता चल जाएगा। इस प्रोजेक्ट की कमान न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग के प्रो. मनीष दीक्षित और विभाग के प्रमुख प्रो. पीके प्रधान संभालेंगे। टीम में मालीक्यूलर मेडिसिन एवं बायोटेक्नोलाजी विभाग के डा. लोकेंद्र शर्मा और न्यूरोसर्जरी विभाग के डा. वेद प्रकाश मौर्य भी रहेंगे।
क्या है नई तकनीक?
प्रो. मनीष दीक्षित के मुताबिक, इस शोध में एक खास एंटीबॉडी ट्रेसर बनाया जाएगा। यह एक तरह की स्मार्ट दवा होगी, जो शरीर में पहुंचने के बाद सीधे ट्यूमर को पकड़ेगी। उसके बाद पेट स्कैन में ट्यूमर साफ दिख जाएगा। अभी पुष्टि के लिए बायोप्सी करनी पड़ती है, जिसमें दिमाग से मांस का टुकड़ा निकालना पड़ता है। यह प्रक्रिया जोखिम भरी होती है। नई तकनीक से इस खतरे को कम करने में मदद मिलेगी।
इम्यूनोथेरेपी का असर भी दिखेगा
ग्लियोब्लास्टोमा बहुत तेजी से बढ़ता है और आपरेशन के बाद भी कई बार अपनी चपेट में लेता है। नई जांच से पहले ही पता चल जाएगा कि इम्यूनोथेरेपी मरीज को फायदा देगी या नहीं। अगर दवा असर नहीं कर रही होगी तो डॉक्टर समय रहते इलाज बदल सकेंगे। इससे मरीज का समय और पैसा दोनों बचेंगे।
पीजीआई में पहले से साइक्लोट्रान, रेडियोआइसोटोप बनाने की सुविधा और रेडियोकेमिस्ट्री की प्रयोगशालाएं हैं। प्रोजेक्ट के तहत छोटे जानवरों के लिए पेट-सीटी की खास सुविधा भी बनेगी। पहले जानवरों पर परीक्षण होगा, फिर इंसानों पर जांच की ओर बढ़ा जाएगा।
एसजीपीजीआई के निदेशक प्रो. आरके धीमान ने कहा, “निश्चित तौर पर यह संस्थान के साथ प्रदेशभर के ब्रेन कैंसर मरीजों के लिए राहतभरी खबर है। कई बार मरीजों की बायोप्सी कठिन होती है। ऐसे में यह तकनीक काफी मददगार साबित होगी।”