Shimla News: इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला में मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए रैंप और लिफ्ट का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अस्पताल के प्रिंसिपल कार्यालय के बाहर से डी ब्लॉक होते हुए न्यू ओपीडी तक इस सुविधा का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना का लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के माध्यम से तैयार की जा रही इस परियोजना पर करीब 4.50 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस सुविधा के शुरू होने से मरीजों को एक ब्लॉक से दूसरे ब्लॉक तक जाने के लिए लंबा पैदल सफर नहीं करना पड़ेगा। खासतौर पर बुजुर्गों, दिव्यांगों और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
वार्डों के भीतर की भीड़ और संक्रमण का खतरा होगा कम
वर्तमान में अस्पताल के पुराने भवन से न्यू ओपीडी ब्लॉक तक पहुंचने के लिए मरीजों और तीमारदारों को डी ब्लॉक के भीतर से होकर गुजरना पड़ता है। इसके लिए मेडिसिन वार्ड की सीढ़ियों और लिफ्ट का सहारा लेना पड़ता है। डी ब्लॉक में मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक्स, नेत्र रोग, स्पेशल वार्ड और रेडियोलॉजी विभाग संचालित होते हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं।
यहां केवल एक ही लिफ्ट उपलब्ध होने के कारण हर समय भारी भीड़ लगी रहती है, जिससे मजबूरन कई मरीजों को सीढ़ियों का उपयोग करना पड़ता है। न्यू ओपीडी जाने वाले लोगों की आवाजाही भी इसी मार्ग से होने के कारण वार्डों में अनावश्यक भीड़ बढ़ती है और संक्रमण फैलने का जोखिम भी बना रहता है।
80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा: एक्सईएन
आईजीएमसी की ओपीडी में रोजाना करीब दो हजार मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। नए रैंप और लिफ्ट के चालू होने के बाद मरीज वार्डों के अंदर से जाने के बजाय बाहर बने नए रास्ते से सीधे न्यू ओपीडी तक जा सकेंगे। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन प्रवीण वर्मा ने बताया कि अस्पताल में रैंप और लिफ्ट निर्माण का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।