चम्बा मेडिकल कॉलेज में मासूम बच्ची की मौत मामले में जांच पूरी, तीन सदस्यीय कमेटी की रिपोर्ट पर सोमवार को एक्शन

Share

- Advertisement -

Chamba News: पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चम्बा में डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत के मामले में जांच लगभग पूरी हो चुकी है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा गठित तीन सदस्यीय जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है। सोमवार को इस रिपोर्ट के आधार पर प्रबंधन आगामी अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा।

तीन दिन का समय मिला, रिपोर्ट बनाने में लगा पूरा हफ्ता

मासूम की मौत के बाद परिजनों के भारी आक्रोश को देखते हुए प्रबंधन ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई थी। कमेटी को तीन दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, पूरी प्रक्रिया को पूरा करने में एक हफ्ते का समय लग गया, जिस पर सोमवार को कड़ा संज्ञान लिया जाएगा।

चुराह उपमंडल की सेईकोठी पंचायत निवासी कुलदीप सिंह 6 सितम्बर को छाती में संक्रमण और खून की कमी से पीड़ित डेढ़ वर्षीय बेटी कृतिका को अस्पताल लाए थे। परिजनों का आरोप है कि शाम चार बजे पहुंचने के बावजूद इमरजेंसी में बच्ची को तुरंत वार्ड में भर्ती नहीं किया गया।

लापरवाही और इलाज में देरी के कारण तड़पकर तोड़ा दम

परिजनों के अनुसार, एक्स-रे रूम में कोई कर्मचारी नहीं मिला और जांच के लिए निजी लैब के चक्कर काटने पड़े। करीब 45 मिनट तक बच्ची दर्द से तड़पती रही, लेकिन कोई डॉक्टर नहीं आया। दम तोड़ने से कुछ देर पहले लगाए गए इंजेक्शन के बाद बच्ची अचेत हो गई और उसने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जोरदार हंगामा किया था। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट पूरी तरह तैयार है। कमेटी द्वारा पेश किए गए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News