Chamba News: पवित्र मणिमहेश यात्रा पर जा रहे पंजाब के दो बाइक सवार युवकों की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुनाली और गैहरा के बीच बैलोगी के पास यह हादसा हुआ। मृतकों की पहचान पठानकोट के ज्योति और पंगोली निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है।
यह दुर्घटना देर रात उस समय हुई जब दोनों युवक अपनी बाइक (PB-35U-2347) से भरमौर की ओर बढ़ रहे थे। रास्ते में एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर बाइक क्रैश बैरियर से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क से नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरे।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक सवारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय निवासी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत गैहरा पुलिस चौकी को घटना की सूचना दी। बाइक ऊपर ही फंसी रह गई थी, जबकि दोनों युवक काफी नीचे गिर गए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। रात के अंधेरे और सीधी ढलान के बीच पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत की। कड़ी मेहनत के बाद दोनों युवकों के शवों को गहरी खाई से बाहर निकालकर सड़क तक लाया गया।
पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए दोनों को पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा भिजवाया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
पुलिस ने केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा पर आ रहे सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे घुमावदार पहाड़ी रास्तों पर स्पीड लिमिट का ध्यान रखें, रात में यात्रा से बचें और वाहन सतर्कता से चलाएं।