क्या है GTA 6 वीडियो गेम, जिसके लिए दुनिया भर में ऑफिस से छुट्टी ले रहे हैं युवा?

Share

- Advertisement -

Tech News: वीडियो गेम ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6’ (GTA 6) की रिलीज को लेकर दुनिया भर में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। 18 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ियों के लिए बने इस गेम को खेलने के लिए कई लोग दफ्तर से छुट्टी ले रहे हैं। काल्पनिक शहर ‘वाइस सिटी’ और इसके मुख्य किरदारों जेसन व लूसिया की कहानी इसे एक इंटरैक्टिव फिल्म जैसा अनुभव बनाती है।

वीडियो गेम ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6’ (GTA 6) की रिलीज ने दुनिया भर के गेमिंग प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। इस गेम को खेलने के लिए कई युवा अपने दफ्तरों से छुट्टी ले रहे हैं, ताकि वे रात भर इसे खेल सकें। बढ़ते क्रेज को देखते हुए फूड डिलीवरी कंपनियों ने भी घर बैठे गेम खेलने वाले लोगों की ओर से आने वाले अतिरिक्त ऑर्डर की तैयारी शुरू कर दी है।

सामान्य वीडियो गेम से अलग, GTA 6 बच्चों के लिए नहीं बल्कि 18 वर्ष और उससे अधिक उम्र के वयस्कों के लिए तैयार किया गया है। इसमें केवल बटन दबाकर एक लेवल से दूसरे लेवल पर जाने या पॉइंट्स जीतने का खेल नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ी को एक जीवंत कहानी का हिस्सा बनने का मौका देता है।

स्क्रीन पर चलती फिल्म जैसा अनुभव

इस गेम की सबसे बड़ी खासियत इसका वास्तविक और इंटरैक्टिव अनुभव है। जिस तरह दर्शक किसी फिल्म को देखकर खुद को उस किरदार की जगह महसूस करते हैं, ठीक उसी तरह यह गेम खिलाड़ी को कहानी के भीतर ले जाता है। यह मुख्य रूप से एक सिंगल-प्लेयर अनुभव है, जहां खिलाड़ी कंट्रोलर के जरिए कहानी के मुख्य किरदार की भूमिका निभाता है और उसके फैसले लेता है।

गेम की कहानी खिलाड़ी की हरकतों के अनुसार बदलती रहती है। उदाहरण के लिए, यदि खिलाड़ी गेम में गाड़ी चलाते समय लाल बत्ती तोड़ता है, तो पुलिस उसका पीछा करती है, मुठभेड़ होती है और पकड़े जाने पर जेल भी जाना पड़ता है। इसके विपरीत, यदि खिलाड़ी यातायात नियमों का पालन करता है, गोल्फ खेलता है, पार्क में समय बिताता है या किसी घायल की मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाता है, तो कहानी उसी दिशा में आगे बढ़ती है।

मियामी की तर्ज पर बसाया गया काल्पनिक शहर ‘वाइस सिटी’

GTA 6 की कहानी अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के मियामी शहर की तर्ज पर बनाए गए एक काल्पनिक शहर ‘वाइस सिटी’ में घूमती है। गेम की दुनिया में इस राज्य को ‘लियोनिडा’ नाम दिया गया है। इसमें समुद्र तट, ताड़ के पेड़, ऊंची इमारतें, रात की चकाचौंध और अपराध की दुनिया का माहौल बिल्कुल वास्तविक शहर जैसा तैयार किया गया है।

‘GTA’ का पूरा नाम ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो’ (Grand Theft Auto) है। इस लोकप्रिय गेम सीरीज की शुरुआत साल 1997 में हुई थी, जिसमें गाड़ियां चुराकर पुलिस से बचने का कॉन्सेप्ट था। अब तक इस सीरीज के पांच मुख्य भाग आ चुके हैं और यह इसका छठा संस्करण है।

जेसन और लूसिया की कहानी और AI की भूमिका

GTA 6 में दो मुख्य किरदार हैं—जेसन डुवाल और लूसिया। दोनों अपराधी पृष्ठभूमि से आते हैं और एक जोड़ी के रूप में काम करते हैं। जेसन बचपन से ही चोरों और ठगों के बीच पला-बढ़ा है। सेना में कुछ समय बिताने के बाद वह लियोनिडा के ‘कीज़’ इलाके में ड्रग माफिया के लिए काम करने लगा। वहीं, लूसिया का बचपन ‘लिबर्टी सिटी’ में बीता। अपने परिवार के लिए संघर्ष करते हुए वह जेल भी जा चुकी है। दोनों एक सामान्य जीवन जीना चाहते हैं, लेकिन एक आसान काम के बिगड़ जाने के बाद वे पूरे लियोनिडा राज्य में फैले बड़े आपराधिक नेटवर्क में फंस जाते हैं।

गेम के दौरान खिलाड़ी अपनी जरूरत या इच्छा के अनुसार जेसन और लूसिया के बीच कभी भी स्विच कर सकता है। जब खिलाड़ी किसी एक किरदार को नियंत्रित कर रहा होता है, तो दूसरा किरदार गेम के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के माध्यम से स्वतः काम करता है। उदाहरण के लिए, यदि जेसन गाड़ी चला रहा है और खिलाड़ी लूसिया के किरदार में स्विच करता है, तो AI जेसन के जरिए गाड़ी चलाना जारी रखता है और खिलाड़ी लूसिया के रूप में अन्य गतिविधियां कर सकता है।

बिना मिशन के घूमने की आजादी और गेम पर बहस

इस गेम में खिलाड़ियों पर हर समय कोई मिशन पूरा करने का दबाव नहीं होता। वे मुख्य कहानी के टास्क पूरे करने के अलावा स्वतंत्र रूप से शहर में घूम सकते हैं, समुद्र किनारे समय बिता सकते हैं, रेस्तरां या जिम जा सकते हैं और अपराध की गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, अपराध करने पर गेम की पुलिस कार्रवाई करती है और सजा भी मिलती है।

अपराध की दुनिया को करीब से दिखाने के कारण इस गेम की आलोचना भी होती रही है। कई लोगों का मानना है कि यह युवाओं को अपराधियों जैसा जीवन जीने का आभासी अनुभव देता है। वहीं, इसके समर्थकों का तर्क है कि यह केवल मनोरंजन का एक माध्यम है, ठीक वैसे ही जैसे बचपन में बच्चे ‘चोर-पुलिस’ का खेल खेलते हैं, और इसे वास्तविक जीवन के अपराध से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

Read more

Related News