कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल, 81 नए सचिव नियुक्त और 25 पदाधिकारी जिम्मेदारी से मुक्त

Share

- Advertisement -

National News: कांग्रेस ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए 81 नए राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति की है और 25 एआईसीसी सचिवों व संयुक्त सचिवों को वर्तमान जिम्मेदारियों से मुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार को विभिन्न राज्यों और विभागों के प्रभारी सचिवों की नई सूची जारी की।

कांग्रेस द्वारा जारी सूची के अनुसार, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सात नेताओं को राष्ट्रीय टीम में शामिल कर राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। इनमें मनोज त्यागी को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) में प्रशासन, डॉ. राजकुमार मौर्या को पंजाब, सुशील पासी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, ओमवीर यादव को मध्य प्रदेश, अवनीश काजला को झारखंड, राहुल राजभर को हिमाचल प्रदेश व चंडीगढ़ तथा विश्वविजय सिंह को राजस्थान का सचिव नियुक्त किया गया है।

बिहार के नेताओं को मिली नई जिम्मेदारी

पार्टी ने बिहार प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष अजय कुमार पासवान को मध्य प्रदेश और प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गुंजन पटेल को पश्चिम बंगाल का प्रभारी सचिव बनाया है। वहीं, बिहार के प्रभारी सचिव के रूप में प्रदीप नरवाल, प्रो. प्रकाश सोनावाने और महबूब पासा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नियुक्ति पर बिहार प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के संयोजक एवं प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने अजय कुमार पासवान और गुंजन पटेल को शुभकामनाएं दीं।

राज्यों और विभागों में व्यापक स्तर पर नियुक्तियां

कांग्रेस ने असम, केरल, तमिलनाडु, उत्तराखंड, गुजरात, कर्नाटक, पंजाब, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और राजस्थान समेत कई राज्यों में सचिव नियुक्त किए हैं। कुछ नेताओं को एक से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अतिरिक्त, संचार, प्रचार, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया जैसे महत्वपूर्ण विभागों के साथ-साथ कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय के लिए भी दो नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।

25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को किया गया कार्यमुक्त

संगठनात्मक पुनर्गठन के तहत 25 मौजूदा एआईसीसी सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनके पदों से मुक्त कर दिया गया है। कार्यमुक्त किए गए नेताओं में अंबा प्रसाद, बीएम संदीप, चेतन चौहान, चिरंजीव राव, क्रिस्टोफर तिलक, देवेंद्र यादव, दिव्या मदेरणा, मंसूर अली खान, नवीन शर्मा, पी. गोपी, पी. विश्वनाथन, पृथ्वीराज साठे, पूनम पासवान, रोजी एम. जॉन, रुत्विक मकवाना, एसए संपत कुमार, संजना जाटव, शाहनवाज आलम, टीएन प्रथापन, उषा नायडू और विजय जांगिड़ शामिल हैं। पार्टी ने इन निवर्तमान पदाधिकारियों के योगदान की सराहना की है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News