United Nations/New Delhi News: भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में फलस्तीन के समर्थन में पेश किए गए कई प्रस्तावों के पक्ष में मतदान किया है। इनमें फलस्तीनी लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार, शरणार्थियों की सहायता और इजरायली बस्तियों की गतिविधियां रोकने से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं। फलस्तीन के राजदूत ने भारत के इस समर्थन की सराहना की है।
भारत ने फलस्तीन के समर्थन में संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में पेश कई प्रस्तावों के पक्ष में मतदान किया है। 193 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र महासभा में बुधवार को इन प्रस्तावों पर मतदान हुआ, जिनमें फलस्तीनी लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार, फलस्तीनी शरणार्थियों की सहायता और कब्जे वाले फलस्तीनी क्षेत्रों में इजरायली बस्तियों से संबंधित प्रस्ताव शामिल हैं।
आत्मनिर्णय के अधिकार और स्वतंत्र राष्ट्र के प्रस्ताव का समर्थन
भारत ने फलस्तीनी लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार संबंधी प्रस्ताव का समर्थन किया। यह प्रस्ताव 162 मतों के पक्ष और आठ मतों के विरोध से पारित हुआ। इसमें स्वतंत्र फलस्तीनी राष्ट्र की स्थापना के अधिकार की पुष्टि की गई है।
शरणार्थियों की सहायता और संपत्ति के अधिकार से जुड़े प्रस्ताव
भारत ने फलस्तीनी शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत एवं कार्य एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) के संचालन को जारी रखने संबंधी प्रस्ताव के पक्ष में भी मतदान किया। यह प्रस्ताव 143 मतों से पारित हुआ, जबकि अमेरिका और इजरायल समेत नौ देशों ने इसका विरोध किया।
इसके अलावा, भारत ने फलस्तीनी शरणार्थियों की संपत्तियों और उनसे होने वाली आय पर उनके अधिकारों की पुष्टि करने वाले प्रस्ताव का भी समर्थन किया। इस प्रस्ताव को 155 देशों का समर्थन मिला।
इजरायली बस्तियों की गतिविधियां रोकने के प्रस्ताव पर सहमति
भारत ने कब्जे वाले फलस्तीनी क्षेत्र, पूर्वी यरुशलम और कब्जे वाले सीरियाई गोलान में इजरायली बस्तियों को अवैध बताते हुए उनकी गतिविधियां तत्काल रोकने संबंधी प्रस्ताव के पक्ष में भी मतदान किया है। इस प्रस्ताव को महासभा में 143 देशों का समर्थन प्राप्त हुआ।
फलस्तीनी राजदूत ने भारत के रुख की सराहना की
इस बीच, भारत में फलस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम. अबू शावेश ने कहा कि भारत और फलस्तीन के ऐतिहासिक संबंध हैं। उन्होंने फलस्तीन के लिए भारत के निरंतर समर्थन और ‘दो राष्ट्र समाधान’ की प्रतिबद्धता की सराहना की।