Mumbai News: अभिनेता तुषार कपूर को फोन पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी की धमकी मिली है। फोन करने वाले ने खुद को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हैरी बॉक्सर बताया है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच मामले की पड़ताल कर रही है। इससे पहले वर्ष 2020 में एक वेब सीरीज विवाद को लेकर उनकी बहन और निर्माता एकता कपूर को भी जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं।
बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को 3 नवंबर को फोन पर रंगदारी की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने खुद की पहचान हैरी बॉक्सर के रूप में बताई और दावा किया कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है। कॉल के दौरान अभिनेता से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई। धमकी भरे कॉल के बाद मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच सक्रिय हो गई है और मामले की तकनीकी जांच में जुटी है। सुरक्षा चिंताओं के बीच पुलिस प्रशासन ने एहतियातन अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, रणवीर सिंह और आमिर खान जैसे वरिष्ठ फिल्मी सितारों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर निगरानी बढ़ा दी है।
वर्ष 2020 में वेब सीरीज को लेकर विवादों में घिरी थीं एकता कपूर
तुषार कपूर का नाम पहली बार इस तरह के किसी आपराधिक धमकी के मामले में सामने आया है, लेकिन उनकी बहन और प्रसिद्ध टीवी व फिल्म निर्माता एकता कपूर पूर्व में गंभीर विवादों और धमकियों का सामना कर चुकी हैं। वर्ष 2020 में एकता कपूर अपनी वेब सीरीज ‘एक्सएक्सएक्स: अनसेंसर्ड 2’ को लेकर विवादों के केंद्र में आ गई थीं।
उस दौरान दर्शकों के एक वर्ग ने सीरीज में भारतीय सेना, सैन्य वर्दी और राष्ट्रीय प्रतीकों के चित्रण पर कड़ी आपत्ति जताई थी। सोशल मीडिया पर तीव्र विरोध के बीच एकता कपूर को ट्रोलिंग के साथ-साथ जान से मारने और दुष्कर्म जैसी गंभीर धमकियां दी गई थीं। कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने उनके खिलाफ बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था।
दर्ज हुई थी प्राथमिकी, एकता कपूर ने रखा था पक्ष
इस विवाद के दौरान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हिंदुस्तानी भाऊ ने मुंबई में एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई थी, क्योंकि शोभा कपूर भी उस प्रोजेक्ट की सह-निर्माता थीं।
प्राथमिकी और धमकियों के बाद एकता कपूर ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपना पक्ष रखा था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि यदि सीरीज के किसी दृश्य से भारतीय सेना या उनके परिवारों की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो वह बिना किसी झिझक के माफी मांगने को तैयार हैं। हालांकि, उन्होंने विरोध के नाम पर दी जा रही हिंसक धमकियों और गाली-गलौज की कड़ी निंदा की थी। एकता कपूर ने कहा था कि देशभक्ति की आड़ में किसी महिला और उसकी मां को धमकियां देना पूरी तरह अस्वीकार्य है और वह इन धमकियों के आगे झुकने वाली नहीं हैं।