मदद की गुहार के बाद शरद कपूर के समर्थन में उतरा बॉलीवुड, सलमान खान और सोनू सूद समेत कई सितारों ने बढ़ाया हाथ

Share

- Advertisement -

New Delhi News: काम और आर्थिक मदद की अपील करने के बाद अभिनेता शरद कपूर को फिल्म इंडस्ट्री से भरपूर समर्थन मिल रहा है। सलमान खान, सोनू सूद, रोहित शेट्टी और अहमद खान जैसे सितारों व फिल्ममेकर्स ने उनसे संपर्क कर मदद का भरोसा दिया है। शरद ने कहा कि वे जनवरी तक फिर से काम शुरू कर सकते हैं।

फिल्म ‘जोश’ में शाहरुख खान के साथ नजर आए अभिनेता शरद कपूर ने हाल ही में सोशल मीडिया के जरिए फिल्म इंडस्ट्री से काम और आर्थिक मदद की अपील की थी। उनकी इस गुहार के बाद बॉलीवुड के कई बड़े सितारे और फिल्ममेकर उनके समर्थन में आगे आए हैं। समाचार एजेंसी आईएएनएस (IANS) से बातचीत में शरद कपूर ने इंडस्ट्री से मिले इस अपनापन और सहयोग के लिए आभार जताया है।

शरद कपूर ने बताया कि सलमान खान और सोनू सूद जैसे कलाकारों ने उनकी मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। सलमान खान से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “सलमान खान ने मुझसे बात की थी और कहा था कि अगर कोई भी जरूरत हो, तो मुझे फोन करना। मैंने उनसे कहा कि जरूर भाई, अगर जरूरत पड़ी तो मैं आपको जरूर फोन करूंगा।”

न्यूयॉर्क से लौटने के बाद मिला फिल्ममेकर्स का साथ

अभिनेता ने जानकारी दी कि वे पिछले तीन से चार साल से न्यूयॉर्क में रह रहे थे और भारत लौटने के बाद उन्हें फिल्म इंडस्ट्री से काफी सकारात्मक सहयोग मिला है। शरद कपूर ने कहा, “मैं न्यूयॉर्क में करीब तीन-चार साल तक था, लेकिन यहां आने के बाद मुझे फिल्म इंडस्ट्री से बहुत सपोर्ट मिला है। अहमद खान और रोहित शेट्टी ने फोन किया। इसके लिए मैं उनका बहुत शुक्रगुजार हूं और भगवान ने चाहा, तो जनवरी तक मैं काम शुरू कर दूंगा।”

उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री से मिले प्यार के कारण उन्हें कभी यह महसूस नहीं हुआ कि वे अकेले हैं।

अभिनय में वापसी और बड़े सितारों के साथ काम करने की इच्छा

अभिनय में वापसी को लेकर शरद कपूर ने स्पष्ट किया कि वे हर तरह के फिल्ममेकर्स और कलाकारों के साथ काम करने के लिए तैयार हैं। फिल्ममेकर मंसूर खान के निर्देशन में वापसी की खबरों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें उनके साथ काम करके बेहद खुशी होगी।

शरद ने कहा, “रोहित शेट्टी, मंसूर खान वापस आ रहे हैं। मैं उनके साथ काम करना चाहूंगा। मुझे किसी के भी साथ काम करने में कोई दिक्कत नहीं है और जहां तक अभिनेताओं की बात है, तो अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और सलमान खान जैसे कलाकारों के साथ काम करने में मजा आएगा।”

इंडस्ट्री के बदलते दौर पर दी सलाह

फिल्म इंडस्ट्री के काम करने के तरीके और बदलते माहौल पर अपने विचार साझा करते हुए शरद कपूर ने कलाकारों को एक अहम सलाह भी दी। उन्होंने कहा, “सभी को ध्यान से काम करने की बहुत जरूरत है, क्योंकि अब इंडस्ट्री में पेशेवर (प्रोफेशनल) होकर काम होता है, न कि भावुक (इमोशनल) होकर। अगर आप एक अच्छे और मेहनती अभिनेता हैं, तो बहुत आगे जाएंगे और सफलता हासिल करेंगे।”

Read more

Related News