Mumbai News: बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री रश्मिका मंदाना अपनी आगामी फिल्मों ‘रानाबाली’ और ‘माइसा’ की शूटिंग के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। सेट पर कठिन एक्शन और डांस सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान उनके कूल्हे में गंभीर चोट आई है।
हालिया मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चोट के कारण अभिनेत्री के कूल्हे का टेंडन पूरी तरह से अलग हो गया है। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को काफी गंभीर माना है। चिकित्सकों का कहना है कि ऐसी चोट आमतौर पर केवल कठिन शारीरिक प्रशिक्षण लेने वाले पेशेवर एथलीटों में ही देखी जाती है।
डॉक्टरों ने रश्मिका को दी छह हफ्ते बेड रेस्ट की सलाह
चिकित्सकों ने रश्मिका मंदाना को चोट से उबरने के लिए अगले छह हफ्तों तक पूरी तरह से आराम करने की सख्त सलाह दी है। इसके साथ ही उन्हें पूरी तरह स्वस्थ होने के लिए डॉक्टरों की देखरेख में एक विशेष रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम का भी पालन करना होगा।
इस गंभीर चोट के कारण अभिनेत्री की आगामी फिल्मों के शूटिंग शेड्यूल और विज्ञापनों के काम पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। रश्मिका के प्रशंसक सोशल मीडिया पर संदेश भेजकर उनके जल्द स्वस्थ होने और वापस शूटिंग पर लौटने की लगातार कामना कर रहे हैं।
विजय देवरकोंडा के साथ फिल्म ‘रानाबाली’ में नजर आएंगी रश्मिका
रश्मिका की आगामी पैन इंडिया फिल्म ‘रानाबाली’ का निर्देशन राहुल संक्रतायन कर रहे हैं। यह फिल्म 1854 से 1878 के बीच ब्रिटिश औपनिवेशिक काल पर आधारित एक महान योद्धा की कहानी दर्शाती है। फिल्म में विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में एक साथ नजर आने वाले हैं।
मैत्री मूवी मेकर्स और टी-सीरीज द्वारा निर्मित यह फिल्म 11 सितंबर को तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी। इससे पहले दोनों कलाकार ‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं, जिन्हें दर्शकों ने काफी पसंद किया था।
पीरियड एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘माइसा’ में दिखेगा रश्मिका का नया अवतार
अभिनेत्री की दूसरी बहुचर्चित फिल्म ‘माइसा’ एक पैन इंडिया पीरियड एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन रविन्द्र पुल्ले कर रहे हैं। यह फिल्म इस साल अक्टूबर में रिलीज होगी। इस खास प्रोजेक्ट में दर्शक रश्मिका मंदाना का अब तक का सबसे अलग और अनूठा अवतार देखने वाले हैं।