New Delhi News: अभिनेता मोहित मलिक जल्द ही टाइगर श्रॉफ की आगामी एक्शन फिल्म ‘वज्र’ में नकारात्मक भूमिका निभाते नजर आएंगे। राम माधवानी के निर्देशन और महावीर जैन के प्रोडक्शन में बन रही इस फिल्म में दोनों कलाकार पहली बार पर्दे पर आमने-सामने होंगे। इस प्रोजेक्ट की शूटिंग जापान में की जाएगी।
अभिनेता मोहित मलिक जल्द ही बड़े पर्दे पर टाइगर श्रॉफ के साथ नजर आने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार, मोहित को टाइगर की आगामी फिल्म ‘वज्र’ में विलेन की भूमिका के लिए चुना गया है। इस एक्शन फिल्म में पहली बार मोहित मलिक और टाइगर श्रॉफ एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे।
महावीर जैन के प्रोडक्शन में बन रही इस फिल्म का निर्देशन राम माधवानी कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग जापान में की जाएगी। फिलहाल मोहित के किरदार से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी में उनकी भूमिका काफी अहम होगी।
एक्शन फिल्म में दिखेगा अलग अंदाज
प्रोजेक्ट से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि ‘वज्र’ में मोहित का किरदार काफी दिलचस्प है और टाइगर श्रॉफ के सामने विलेन की भूमिका उन्हें बतौर अभिनेता एक नया अनुभव देगी। सूत्र के मुताबिक, ‘बिरजू लोहार’ के किरदार के बाद यह मोहित का एक और अलग तरह का रोल होगा। एक्शन के इर्द-गिर्द घूमती इस कहानी में दोनों कलाकारों को पहली बार साथ देखना दर्शकों के लिए खास रहेगा।
मोहित मलिक हाल ही में अपने किरदार ‘बिरजू लोहार’ को लेकर चर्चा में रहे थे। इस भूमिका में उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी सराहा था और यह उनके चर्चित किरदारों में शामिल हो गया। अब ‘वज्र’ में नकारात्मक भूमिका निभाकर वह अपने अभिनय का एक नया रूप पेश करने की तैयारी में हैं।
टीवी सीरियल्स के बाद फिल्मों में सक्रिय हैं मोहित
मोहित मलिक टीवी जगत के चर्चित चेहरों में से एक रहे हैं। उन्हें धारावाहिक ‘डोली अरमानों की’ में सम्राट सिंह राठौड़ और ‘कुल्फी कुमार बाजेवाला’ में सिकंदर सिंह गिल के किरदार से घर-घर में पहचान मिली। छोटे पर्दे पर सफलता हासिल करने के बाद अब वह फिल्मों में अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभा रहे हैं।
इसके अलावा, मोहित अपनी फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म को अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर प्रस्तुत किया है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर इसके निर्माता हैं, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी फिल्म के सह-निर्माता हैं।