Ujjain News: विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार तड़के प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और निर्देशक मधुर भंडारकर ने भगवान महाकाल की दर्शन-पूजा की। उन्होंने भस्म आरती में भाग लेकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।
नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती के किए दर्शन
मधुर भंडारकर ने नंदी हॉल में लगभग दो घंटे बैठकर दिव्य भस्म आरती के दर्शन किए। आरती संपन्न होने के बाद उन्होंने नंदी महाराज का विधि-विधान से पूजन और अभिषेक किया। परंपरा के अनुसार उन्होंने नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही।
इसके बाद उन्होंने चांदी द्वार से पुजारी के माध्यम से भगवान महाकाल को जल अर्पित कर दर्शन किए। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत और सम्मान किया गया। दर्शन के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में अपनी आस्था व्यक्त की।
इंदौर कार्यक्रम के दौरान उज्जैन पहुंचे मधुर भंडारकर
मीडिया से बातचीत में मधुर भंडारकर ने बताया कि वह हर साल भगवान महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आते हैं। इस बार वह इंदौर में एक कार्यक्रम के सिलसिले में आए थे, जिससे उन्हें महाकाल दरबार में हाजिरी लगाने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि महाकाल के दर्शन से हमेशा आत्मिक शांति और ऊर्जा मिलती है। उन्होंने युवाओं को ‘बम-बम भोले’ के जयकारे लगाते देख प्रसन्नता जताई। उन्होंने बाबा महाकाल से देश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना भी की।