Kanpur News: आईआईटी कानपुर के एक कार्यक्रम में कोरियन पॉप स्टार और पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट ‘औरा’ ने लोकप्रिय भोजपुरी गीत ‘लॉलीपॉप लागेलु’ पर जबरदस्त डांस किया। स्टेज पर उनकी ऊर्जा और देसी अंदाज को देखकर छात्र-छात्राएं भी झूमने लगे। सोशल मीडिया पर कोरियन और भोजपुरी के इस अनोखे संगम का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
आईआईटी कानपुर के परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उस समय उत्साह का माहौल बन गया, जब के-पॉप सिंगर और अभिनेता ‘औरा’ ने मंच संभाला। जैसे ही भोजपुरी गायक पवन सिंह का प्रसिद्ध गाना ‘लॉलीपॉप लागेलु’ बजा, कोरियन कलाकार खुद को रोक नहीं पाए और भारतीय देसी धुनों पर शानदार ठुमके लगाने लगे।
के-पॉप और भोजपुरी बीट्स का दिखा अनोखा संगम
मंच पर ‘औरा’ की एनर्जी और डांस स्टेप्स देखकर पूरा हॉल तालियों और सीटियों की गूंज से भर गया। उनके उत्साह को देखकर सामने मौजूद छात्र भी खुद को रोक नहीं पाए और स्टेज के करीब आकर थिरकने लगे। कई छात्र अपने मोबाइल फोन में इस यादगार पल को कैद करते नजर आए।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, लाखों लोगों ने देखा
इस मनोरंजक पल का वीडियो खुद ‘औरा’ ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है। इस वीडियो को अब तक 3 लाख 78 हजार से अधिक लोग देख चुके हैं और 13 हजार से ज्यादा यूजर्स ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। कमेंट सेक्शन में लोग कोरियन स्टाइल और भोजपुरी संगीत के इस तालमेल की जमकर तारीफ कर रहे हैं और इसे सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है।