Uttarakhand News: उत्तराखंड के मेले में हुए कॉन्सर्ट विवाद के बाद मशहूर गायक दलेर मेहंदी ने अपनी पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी है। दिवाली के अवसर पर सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने अपने परिवार, भाई मीका सिंह, संगीत जगत और देश भर के प्रशंसकों का इस मुश्किल समय में साथ देने के लिए दिल से आभार व्यक्त किया।
हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आए बड़े विवाद के बीच दलेर मेहंदी ने त्योहार की शुभकामनाएं देते हुए अपने फैंस के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों में मंच और संगीत के जरिए उन्हें अपार प्यार मिला है, लेकिन हालिया दिनों में मिले समर्थन ने उनके दिल को गहराई से छुआ है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।
भाई मीका सिंह बने ढाल, इंडस्ट्री के समर्थन पर हुए भावुक
दलेर मेहंदी ने लिखा कि मुश्किल घड़ी में उनका परिवार उनकी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा। उन्होंने विशेष रूप से अपने छोटे भाई मीका सिंह का धन्यवाद किया, जो इस पूरे घटनाक्रम के दौरान उनके साथ एक मजबूत ढाल बनकर खड़े रहे।
इसके साथ ही उन्होंने भारतीय संगीत और मनोरंजन उद्योग के साथियों, प्रशंसकों और देशवासियों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि वे खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें अपने जीवनकाल में ही इतना प्यार, विश्वास और सम्मान देखने को मिला। उन्होंने कहा कि वे भले ही हर संदेश का जवाब न दे पाए हों, लेकिन सभी की प्रार्थनाओं और स्नेह को उन्होंने महसूस किया है।
क्या था उत्तराखंड का पूरा विवाद?
यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब टिहरी गढ़वाल के नरेंद्र नगर में आयोजित ‘सिद्धपीठ माँ कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले’ में दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर आकर उनकी परफॉर्मेंस बीच में ही रोक दी थी और उनके गाने पर आपत्ति जताई थी।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे किए गए। बाद में मंत्री सुबोध उनियाल ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया था कि गायक लाइव गाने के बजाय केवल लिप-सिंक (lip-sync) कर रहे थे, जबकि इस कार्यक्रम के लिए 35 लाख रुपये का भुगतान किया गया था।
मीका सिंह ने दी थी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद गायक मीका सिंह ने सामने आकर स्थिति स्पष्ट की थी। मीका ने बताया था कि दलेर मेहंदी पिछले दो वर्षों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं और अभी पूरी तरह उबरने की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने मंच पर नशे में होने के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए स्पष्ट किया था कि दलेर शराब का सेवन नहीं करते हैं। इसके बाद से संगीत जगत के कई प्रमुख कलाकारों ने भी दलेर मेहंदी के प्रति सार्वजनिक रूप से दिखाए गए अनादर की आलोचना की थी और उनके समर्थन में आवाज उठाई थी।