New Delhi News: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के ‘संसद चलो’ प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा छात्रों पर किए गए बल प्रयोग की तस्वीरों और वीडियोज ने सोशल मीडिया पर भारी गुस्सा पैदा कर दिया है। इस घटना के बाद अब तक 12 प्रमुख फिल्मी कलाकारों और इन्फ्लुएंसर्स ने खुलकर छात्रों का समर्थन किया है।
सोनू सूद, दीया मिर्जा, भूमि पेडनेकर और हुमा कुरैशी जैसे मशहूर सितारों ने छात्रों पर लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की है। कलाकारों का कहना है कि लोकतंत्र में सवाल पूछने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का हक सभी को है। उन्होंने सरकार से बल प्रयोग के बजाय बातचीत से मसला सुलझाने की अपील की है।
सोनू सूद बोले- छात्रों को गले लगाने की जरूरत
अभिनेता सोनू सूद ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि हमारे देश के छात्रों को लाठियां नहीं बल्कि गले लगाने वाले हाथों की जरूरत है। वहीं अभिनेत्री दीया मिर्जा ने कहा कि एक पारदर्शी शिक्षा प्रणाली की मांग करना कोई बगावत नहीं है और लोकतंत्र तब मजबूत होता है जब जनता की बात सुनी जाती है।
अभिनेता रणवीर शौरी ने राजनीतिक जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। इसके अलावा रोहित सराफ, सबा पटौदी, नंदिता दास, एल्विश यादव, जेनेलिया-रितेश देशमुख, मुनव्वर फारुकी और आयुष शर्मा ने भी छात्रों के साथ एकजुटता दिखाते हुए शांतिपूर्ण संवाद की वकालत की है।