अक्षय कुमार की नई फिल्म ‘समुक’ की रिलीज डेट घोषित, मोशन पोस्टर में हाथ में बंदूक थामे आए नजर

Share

- Advertisement -

Mumbai News: अक्षय कुमार और निर्माता विपुल अमृतलाल शाह 13 साल बाद फिर एक साथ काम कर रहे हैं। दोनों ने 16 नवंबर को अपनी आगामी फिल्म ‘समुक’ का मोशन पोस्टर जारी किया। विज्ञान और रोमांच पर आधारित यह फिल्म 28 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

अभिनेता अक्षय कुमार और फिल्म निर्माता विपुल अमृतलाल शाह एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ वापसी कर रहे हैं। दोनों ने सोमवार (16 नवंबर) को अपनी आगामी फिल्म ‘समुक’ का मोशन पोस्टर जारी किया और इसकी रिलीज तारीख का भी ऐलान कर दिया। विज्ञान पर आधारित रोमांच, एक्शन और मुश्किल हालात में जिंदा रहने की कहानी वाली यह फिल्म 28 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

मोशन पोस्टर में दिखा अक्षय कुमार का नया अंदाज

मेकर्स ने इससे पहले एक रहस्यमयी संदेश जारी कर दर्शकों को किसी बड़े सरप्राइज का संकेत दिया था। इसके बाद अक्षय कुमार ने खुद सोशल मीडिया पर ‘समुक’ का मोशन पोस्टर साझा किया। पोस्टर साझा करते हुए उन्होंने लिखा, ‘दुश्मन इंसान नहीं है, लेकिन लड़ाई पूरी मानवता को बचाने के लिए है। और पीछे हटने का भी कोई चांस नहीं है। #SAMUK – आक्रमण की शुरुआत 28 मई, 2027 से। अपने नजदीकी सिनेमाघरों में देखें।’

जारी किए गए मोशन पोस्टर में अक्षय कुमार नीले रंग के सूट-बूट में हाथ में बंदूक थामे नजर आ रहे हैं। इस फिल्म की मुख्य कहानी को फिलहाल निर्माताओं ने पूरी तरह गोपनीय रखा है, लेकिन इसे आम एक्शन फिल्मों से अलग एक नई दुनिया पेश करने वाली कहानी बताया जा रहा है।

13 साल बाद साथ काम करेंगे अक्षय और विपुल शाह

कनिष्क वर्मा के निर्देशन में बन रही ‘समुक’ के जरिए अक्षय कुमार और विपुल अमृतलाल शाह 13 साल बाद किसी प्रोजेक्ट में साथ काम कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण विपुल अमृतलाल शाह के प्रोडक्शन हाउस सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले किया जा रहा है, जबकि आशिन ए शाह इसके सह-निर्माता हैं।

फिल्म में अक्षय कुमार के साथ बनिता संधू मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। इनके अलावा रुक्मिणी मैत्र, विनीत कुमार सिंह, रजत कपूर और स्वानंद किरकिरे भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आएंगे।

Read more

Related News