लंदन में छठ महापर्व मनाकर भावुक हुए वेदांता चेयरमैन अनिल अग्रवाल, कहा- लगा ही नहीं कि बिहार से दूर हूं

Share

- Advertisement -

Patna News: वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने लंदन में बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के लोगों के साथ छठ महापर्व मनाया। संध्या अर्घ्य और पारंपरिक छठ गीतों के बीच वे भावुक हो गए। सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें महसूस ही नहीं हुआ कि वे बिहार से दूर हैं।

वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल लंदन में छठ पूजा मनाकर बेहद भावुक हो गए। उन्होंने लंदन में बसे बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के प्रवासियों के साथ मिलकर संध्या अर्घ्य दिया। इस दौरान छठ के पारंपरिक गीतों और ‘जय छठी मइया’ के जयकारों के बीच उन्हें अपनी जन्मभूमि पटना की याद आ गई।

अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर छठ पूजा की तस्वीरें साझा करते हुए अपना अनुभव लिखा। उन्होंने बताया कि लंदन में संध्या अर्घ्य के समय अपने भाई-बहनों के साथ महापर्व मनाना उनके लिए एक बेहद भावुक पल रहा। उन्होंने लिखा कि जब वहां ‘केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल…’ का गीत गूंजा और चारों ओर छठी मइया के जयकारे सुनाई दिए, तो उन्हें लगा ही नहीं कि वे बिहार से इतनी दूर हैं।

व्रती महिलाओं के समर्पण की सराहना की

उन्होंने पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं और उनके कठिन निर्जला व्रत के प्रति समर्पण की भी सराहना की। अग्रवाल ने बिहार की एक प्रचलित कहावत का जिक्र करते हुए लिखा, ‘रउआ जहाँ रहब, छठी मइया के नेह आ आशीर्वाद उहां पहुंचिए जाई।’ इसका अर्थ है कि आप दुनिया के किसी भी कोने में रहें, छठी मइया का स्नेह और आशीर्वाद वहां जरूर पहुंचता है।

पटना की गलियों से मुंबई और लंदन तक का सफर

अनिल अग्रवाल का छठ से जुड़ाव सिर्फ आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि बिहार उनकी जन्मभूमि है। उनका जन्म 24 जनवरी 1954 को पटना में हुआ था और उनकी शुरुआती पढ़ाई पटना के मिलर हाई स्कूल से हुई। उनके पिता द्वारका प्रसाद अग्रवाल का एल्युमिनियम कंडक्टर बनाने का एक छोटा कारोबार था।

महज 15 साल की उम्र में अनिल अग्रवाल ने पढ़ाई छोड़कर अपने पिता के कारोबार में हाथ बंटाना शुरू कर दिया था। पटना में ही उन्होंने धातु और कबाड़ के व्यवसाय की बारीकियां सीखीं। इसके बाद 19 साल की उम्र में बेहतर भविष्य की तलाश में वे एक टिफिन बॉक्स और बिस्तर लेकर मुंबई चले गए। यहीं से उनके कारोबारी जीवन ने नई दिशा पकड़ी और आगे चलकर उन्होंने वेदांता ग्रुप की स्थापना की।

बिहार और पूर्वांचल के लोगों की मेहनत को सराहा

लंदन में छठ उत्सव के दौरान अनिल अग्रवाल ने बिहार और पूर्वांचल के लोगों की मेहनत व प्रतिभा की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लोग दुनिया में जहां भी जाते हैं, अपनी मेहनत से एक अलग पहचान बनाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि छठी मइया के आशीर्वाद से इन लोगों के लिए रोजगार और नए अवसरों की कमी नहीं होगी। उन्होंने कहा, ‘अब इनका समय आ गया है।’

Read more

Related News