एम्स के डॉक्टरों ने रचा इतिहास, मां के गर्भ में 25 हफ्ते के भ्रूण की रीढ़ की हड्डी की सफल सर्जरी

Share

- Advertisement -

New Delhi News: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए मां के गर्भ में पल रहे 25 हफ्ते के भ्रूण की रीढ़ की हड्डी की सफल सर्जरी की है। पांच हफ्तों की तैयारी के बाद 30 से अधिक डॉक्टरों और नर्सों की टीम ने छह घंटे तक चले ऑपरेशन में यह सफलता पाई।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के डॉक्टरों ने चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। डॉक्टरों ने मां के गर्भ में पल रहे महज 25 हफ्ते के भ्रूण की रीढ़ की हड्डी की अत्यंत जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। एम्स के निदेशक डॉ. निखिल टंडन ने बताया कि संस्थान के इतिहास में इस तरह का यह पहला ऑपरेशन है।

यह दुर्लभ सर्जरी 12 नवंबर को 25 सप्ताह की एक गर्भवती महिला के गर्भ में पल रहे भ्रूण पर की गई। ऑपरेशन थिएटर से बाहर आने पर डॉक्टरों के चेहरों पर सफलता का संतोष साफ दिखाई दिया।

क्या थी भ्रूण की बीमारी?

जांच के दौरान पता चला था कि भ्रूण की रीढ़ की हड्डी में ‘माइलोमेनिंगोसील’ नामक गंभीर जन्मजात खराबी है, जो स्पाइना बिफिडा का सबसे गंभीर रूप माना जाता है। इस स्थिति में बच्चे की रीढ़ की हड्डी में एक छेद रह जाता है, जिससे रीढ़ की नसें और उनकी सुरक्षात्मक झिल्ली बाहर की ओर निकल आती हैं।

चिकित्सकों के अनुसार, यदि यह छेद बच्चे के जन्म के बाद भी बना रहता है, तो आगे चलकर लकवा मारने, दिमाग में पानी भरने (हाइड्रोसिफेलस) और अन्य गंभीर शारीरिक व तंत्रिका संबंधी समस्याएं होने का खतरा रहता है।

छह घंटे चला ऑपरेशन, 30 से अधिक विशेषज्ञ रहे शामिल

एम्स के डॉक्टरों ने बताया कि आमतौर पर इस तरह की सर्जरी बच्चे के जन्म के बाद की जाती है, लेकिन गर्भ में ही ऑपरेशन कर देने से रीढ़ की नसों को आगे होने वाले नुकसान से बचाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से डॉक्टरों की टीम ने पांच सप्ताह तक गहन तैयारी की और फिर छह घंटे तक चले ऑपरेशन को सफल बनाया।

इस जटिल प्रक्रिया में न्यूरोसर्जरी, प्रसूति एवं स्त्री रोग, एनेस्थीसिया, प्लास्टिक सर्जरी और नवजात शिशु विशेषज्ञों समेत 30 से अधिक डॉक्टरों और नर्सों की टीम शामिल रही। सर्जरी के दौरान न्यूरोसर्जरी विभाग से प्रोफेसर दीपक गुप्ता तथा मातृ-भ्रूण चिकित्सा टीम से प्रोफेसर नीना मल्होत्रा और प्रोफेसर के. अपर्णा शर्मा ने संयुक्त रूप से टीम का नेतृत्व किया।

Read more

Related News