Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में उपमंडल जयसिंहपुर के लंबागांव क्षेत्र से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील की दाल को लेकर टीचर और चपरासी के बीच तीखी बहस हो गई। स्कूल स्टाफ के बीच हुए इस विवाद की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है।
जानकारी के मुताबिक स्कूल में रोज की तरह बच्चों और स्टाफ के लिए मिड-डे मील बना था। स्कूल के एक टीचर को खाने में बनी दाल बहुत पसंद आई। खाना खाते समय टीचर ने चपरासी को आवाज लगाई और दोबारा दाल परोसने को कहा। टीचर के कहने पर चपरासी रसोई में दाल लेने गया।
रसोई में दाल खत्म होने पर भड़का विवाद
रसोई में मौजूद मिड-डे मील वर्कर ने चपरासी को बताया कि बर्तन में दाल खत्म हो चुकी है। चपरासी ने वापस आकर टीचर को दाल खत्म होने की जानकारी दी। यह सुनते ही टीचर नाराज हो गए। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई।
स्कूल कैंपस में हुई इस नोकझोंक की खबर तुरंत आसपास के लोगों को भी लग गई। आखिर में न तो टीचर को दोबारा दाल मिली और न ही यह विवाद आसानी से शांत हुआ। फिलहाल, एक छोटी सी बात पर स्कूल स्टाफ के बीच हुए इस झगड़े की स्थानीय लोगों में खूब चर्चा है।
