एआई और 3-डी प्रिंटिंग में नवाचार के लिए ट्रिपल आईटी और सिपेट भागलपुर ने मिलाया हाथ, संयुक्त शोध व प्रशिक्षण पर हुआ करार

Share

- Advertisement -

Bhagalpur News: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक प्लास्टिक तकनीक के समन्वय से भविष्य की नई तकनीकी संभावनाओं को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। भागलपुर के दो प्रतिष्ठित संस्थानों— भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी), भागलपुर और केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट), भागलपुर ने शैक्षणिक, अनुसंधान और तकनीकी सहयोग के लिए हाथ मिलाया है। गुरुवार को दोनों संस्थानों के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस समझौते के तहत दोनों संस्थान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा एनालिटिक्स, उन्नत सामग्री (एडवांस्ड मटेरियल्स) और एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग (3-डी प्रिंटिंग) जैसे उभरते हुए क्षेत्रों में संयुक्त रूप से काम करेंगे।

तकनीक और व्यावहारिक अनुभव का होगा अनूठा संगम

इस अंतर-विषयक साझेदारी में ट्रिपल आईटी की एआई, मशीन लर्निंग और डेटा एनालिटिक्स की गहन विशेषज्ञता को सिपेट के प्लास्टिक, पेट्रोरसायन, पॉलीमर, रासायनिक अभियांत्रिकी और पदार्थ विज्ञान के व्यावहारिक अनुभव से जोड़ा जाएगा। इससे दो अलग-अलग तकनीकी विधाओं के विशेषज्ञ एक मंच पर आकर उच्चस्तरीय शोध और नवाचार को गति दे सकेंगे। इसके अतिरिक्त, दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधार्थियों को संयुक्त अनुसंधान, इंटर्नशिप, तकनीकी प्रशिक्षण और कौशल विकास के व्यापक अवसर उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।

उद्योग जगत की जरूरतों से जुड़े शोध को मिलेगा बढ़ावा

एमओयू के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ट्रिपल आईटी, भागलपुर के निदेशक प्रो. मधुसूदन सिंह ने कहा कि वर्तमान दौर की उभरती तकनीकी चुनौतियों का प्रभावी समाधान निकालने के लिए विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों के बीच आपसी सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस साझेदारी से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को नए एवं आधुनिक क्षेत्रों में काम करने का बहुमूल्य अवसर मिलेगा, जिससे उद्योग जगत की वास्तविक जरूरतों से जुड़े अनुसंधान और नवाचार को सीधा बढ़ावा मिलेगा।

दक्ष मानव संसाधन तैयार करने में मील का पत्थर साबित होगी पहल

सिपेट, भागलपुर के संयुक्त निदेशक एवं प्रमुख अवीत लाकड़ा ने कहा कि दोनों संस्थानों के बीच हुए इस सहयोग से तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और व्यावहारिक अनुसंधान को नई मजबूती मिलेगी। अब दोनों संस्थानों के शिक्षक और विद्यार्थी मिलकर नई तकनीकों पर शोध कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल आधुनिक तकनीकी क्षेत्र के लिए दक्ष मानव संसाधन तैयार करने तथा समाज व उद्योगों के लिए उपयोगी तकनीकी समाधान विकसित करने में मील का पत्थर साबित होगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News