Patna News: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी आगामी 25 नवंबर को विवाह बंधन में बंधने जा रही हैं। शादी की मुख्य रस्मों से पहले पटना के बिहटा स्थित उनके ससुराल में नवनिर्मित आवास का विधिवत गृह प्रवेश संपन्न हो गया है। दूल्हे के माता-पिता ने वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और पूजन के साथ नए घर में प्रवेश किया। विवाह के उपरांत नववधू शिवांगी का इसी नए आवास में भव्य स्वागत किया जाएगा।
दूसरी तरफ, पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में भी विवाह समारोह को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। इस भव्य आयोजन में करीब 4 लाख मेहमानों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, जिसे देखते हुए ग्रामीण स्तर से लेकर मुख्य समारोह स्थल तक बड़े पैमाने पर इंतजाम किए जा रहे हैं।
अमेरिका में कार्यरत हैं दूल्हे ऋषिकेश, पिता सीआरपीएफ में कमांडेंट
शिवांगी का विवाह बिहटा निवासी रणविजय सिंह के पुत्र ऋषिकेश कुमार के साथ तय हुआ है। पारिवारिक जानकारी के अनुसार, दूल्हे के पिता रणविजय सिंह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में कमांडेंट (ग्रेड-1 अधिकारी) के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, दूल्हे ऋषिकेश कुमार ने अमेरिका से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है और वर्तमान में वे वहीं कार्यरत हैं।
बहू नहीं, दूसरी बेटी की तरह रखूंगी: आशा देवी
नवनिर्मित आवास के गृह प्रवेश के अवसर पर शिवांगी की होने वाली सास आशा देवी ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि परिवार में एक सुसंस्कृत घर की बहू के आगमन को लेकर पूरा परिवार बेहद उत्साहित है। आशा देवी ने भावुक होते हुए कहा कि वे शिवांगी को बहू नहीं, बल्कि अपनी दूसरी बेटी की तरह मानेंगी और उसे अपनी बेटी से भी बढ़कर स्नेह व सम्मान देंगी।