Shimla News: हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार ने 14 प्रधानाचार्यों को उपनिदेशक शिक्षा (डीडीई) के पद पर प्लेसमेंट दी है। शिक्षा विभाग ने इस संबंध में शुक्रवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर सभी अधिकारियों को तुरंत कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा सचिव राकेश कंवर द्वारा जारी आदेश के मुताबिक उपमा शर्मा को डीडीई क्वालिटी चंबा, विजय कुमार व अनिल कुमार (धंगोटा) को डीडीई शिमला मुख्यालय में तैनात किया है। वहीं ओंकार सिंह को किन्नौर, कृष्ण देव को कुल्लू, सुरेश कुमार को लाहौल-स्पीति और नीरज गर्ग को ऊना में जिम्मेदारी दी गई है।
नई तैनाती के लिए अफसरों की सूची हुई जारी
इसके अलावा मनोहर लाल को चंबा, सीमा धीमान को परिवहन विभाग के रोड सेफ्टी सेल और ज्ञान चंद को कुल्लू में पद मिला है। नवनीत ठाकुर को लाहौल-स्पीति, अनीता शर्मा व मदन लाल को सिरमौर और अनिल कुमार (जसूर) को शिमला में तैनात किया गया है। सभी को तुरंत ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने साफ कहा है कि तय समय में ज्वाइन न करने पर प्लेसमेंट आदेश अपने आप रद्द हो जाएगा। ऐसी स्थिति में वरिष्ठता सूची में शामिल अगले अधिकारी को मौका दिया जाएगा। वित्त विभाग के 24 मई 2023 के नियमों के तहत किसी भी अधिकारी को कार्यभार संभालने के लिए अतिरिक्त समय नहीं मिलेगा।

सुप्रीम कोर्ट के अंतिम फैसले के अधीन रहेंगे आदेश
सरकार के अनुसार यह सभी नियुक्तियां सुप्रीम कोर्ट में लंबित एसएलपी (सिविल) संख्या 26276/2024 के अंतिम फैसले के अधीन रहेंगी। अदालत के निर्णय के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। शिक्षा विभाग में लंबे समय से खाली पड़े उपनिदेशक के पदों को भरने से व्यवस्था मजबूत होगी।
शिक्षा विभाग के इस कदम से जिला और राज्य स्तर पर प्रशासनिक काम में तेजी आएगी। इससे स्कूलों की शैक्षणिक निगरानी व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। लंबे समय से पद खाली होने के कारण कई काम प्रभावित हो रहे थे, जो अब सही तरीके से संचालित हो सकेंगे।