Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ सियासी समीकरण बदल सकता है। पिछले चुनाव के आंकड़े बताते हैं कि यह गठबंधन 30 से ज्यादा सीटों पर असर डाल सकता है। दोनों नेता 26 नवंबर को लखनऊ में रैली कर अपनी ताकत दिखाएंगे।
विधानसभा चुनाव से पहले एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाकर साथ चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। ओवैसी ने चंद्रशेखर को मोर्चे का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है और कहा है कि दोनों पार्टियां मिलकर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।
जानकारों का कहना है कि दोनों के निशाने पर दलित-मुस्लिम समाज का वही वोट बैंक है, जिसे अब तक सपा, बसपा और कांग्रेस का माना जाता रहा है। ऐसे में यह नया गठबंधन तीनों दलों के लिए चुनौती खड़ी कर सकता है।
पिछले चुनाव के आंकड़े क्या कहते हैं
पिछले विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम ने दो दर्जन से ज्यादा सीटों के नतीजे प्रभावित किए थे। प्रदेश की 14 सीटों पर पार्टी को पांच से 10 हजार वोट मिले थे, जबकि पांच सीटों पर वह 10 से 20 हजार वोट बटोरने में कामयाब रही थी। वहीं, दो सीटों पर आजाद समाज पार्टी ने पहली बार मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी। इस हिसाब से करीब 30 से ज्यादा सीटों पर गठबंधन असर डाल सकता है।
पिछले चुनाव में चार सीटों पर हार की वजह एआईएमआईएम को ही माना जाता है। सपा सहारनपुर की नकुड़ सीट 315 वोटों, मुरादाबाद नगर 782 वोटों, सुल्तानपुर 1009 वोटों और बाराबंकी की कुर्सी सीट 217 वोटों के अंतर से हारी थी। इन सीटों पर भाजपा जीतने में कामयाब रही थी। यहां एआईएमआईएम को क्रमशः 3593, 2661, 5251 और 8541 वोट मिले थे।
दूसरी ओर, सपा बिजनौर की चांदपुर सीट 245 वोटों, बिलारी 7610 वोटों, मेरठ 2605 वोटों, किठौर 2180 वोटों, इसौली 269 वोटों, रानीगंज 2649 वोटों, रामनगर 267 वोटों और डुमरियागंज 771 वोटों के अंतर से जीती थी। इन सीटों पर एआईएमआईएम को क्रमशः 1586, 9235, 3038, 4833, 3308, 11748, 4940 और 4352 वोट मिले थे।
26 नवंबर को लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद अब राजधानी लखनऊ से अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में हैं। दोनों नेता 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर रमाबाई अंबेडकर मैदान में रैली करने जा रहे हैं। ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ के नाम से होने वाला यह आयोजन नए गठबंधन ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का पहला बड़ा शक्ति प्रदर्शन होगा।