आगरा में SIR अभियान में लापरवाही पर बीएसए की बड़ी कार्रवाई, 15 शिक्षकों का वेतन रोका

Share

- Advertisement -

Agra News: आगरा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बरतने पर बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने 15 शिक्षकों और अनुदेशकों का नवंबर माह का वेतन और मानदेय रोकने के आदेश दिए हैं। बूथ से अनुपस्थिति, घर-घर सर्वेक्षण और फॉर्मों के डिजिटलाइजेशन में ढिलाई सामने आई है।

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों और अनुदेशकों पर बेसिक शिक्षा विभाग सख्त हो गया है।

तीन विधानसभा क्षेत्रों में कार्रवाई

बूथों से अनुपस्थिति, घर-घर सर्वेक्षण और मतदाता पंजीकरण के प्रपत्रों के डिजिटलाइजेशन में ढिलाई समेत निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों के प्रति उदासीनता सामने आने पर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी (बीएसए) डॉ. राकेश सिंह ने 15 शिक्षकों और अनुदेशकों का नवंबर माह का वेतन और मानदेय रोकने का आदेश जारी किया है।

बीएसए ने बताया कि आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के तीन शिक्षकों मीना भारती (बूथ संख्या 131), नीलम राव (बूथ संख्या 176) और सत्येंद्र सिंह (बूथ संख्या 432) पर एसआईआर ड्यूटी के दौरान बूथ पर अनुपस्थित रहने और कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप है। इनका वेतन अग्रिम आदेश तक रोका गया है।

खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में दो अलग-अलग आदेशों के माध्यम से सात शिक्षकों और अनुदेशकों पर कार्रवाई की गई है। इनमें महेश चंद्र और अनुदेशक राधा वर्मा के साथ मीनाक्षी, संतोष कुमार, सुनील भारती और गौरी के नाम शामिल हैं। इन पर घर-घर सर्वेक्षण, फॉर्म-छह के संकलन और डिजिटलाइजेशन में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाने का आरोप है।

बाह विधानसभा क्षेत्र में पांच शिक्षकों और शिक्षामित्रों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इनमें अनिल, नीरज देवी, कांत दुबे, विजेंद्र सिंह और इंद्र कुमार शामिल हैं। निर्वाचन कार्य में लापरवाही के चलते इनका वेतन और मानदेय रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

वेतन निकालने पर रोक

बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारियों और बिल लिपिकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अग्रिम आदेश तक संबंधित कर्मचारियों का नवंबर माह का वेतन और मानदेय जारी न किया जाए।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News