National News: केंद्रीय सूचना आयोग ने एनबीईएमएस को निर्देश दिया है कि वह जून 2025 की विदेशी मेडिकल स्नातक परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों के नाम और अंक तीन सप्ताह में आवेदक हेमंत बाजिया को दे। आयोग ने बोर्ड को हर साल सफल उम्मीदवारों के नाम और अंक जारी करने की सलाह दी है, ताकि परीक्षा और लाइसेंस प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़े।
आवेदक हेमंत बाजिया ने सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत जून 2025 की एफएमजीई परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों की सूची मांगी थी। राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) ने यह जानकारी देने से इनकार कर दिया था। बोर्ड का कहना था कि यह दूसरे लोगों की निजी जानकारी है और परीक्षा के नतीजे व अंक पहले ही रोल नंबर और आवेदन आईडी के आधार पर जारी किए जा चुके हैं।
सूचना आयुक्त जया वर्मा सिन्हा ने बोर्ड की इस दलील को संतोषजनक नहीं माना। उन्होंने कहा कि जानकारी देने से इनकार करना सही नहीं लगता। आयोग ने केंद्रीय लोक सूचना अधिकारी को निर्देश दिया कि वह सफल अभ्यर्थियों का मांगा गया विवरण उपलब्ध कराए।
क्यों होती है एफएमजीई परीक्षा
विदेश से मेडिकल की पढ़ाई करके भारत में डॉक्टरी करने के लिए एफएमजीई परीक्षा पास करना जरूरी है। यह परीक्षा राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड की ओर से साल में दो बार कराई जाती है।
एफएमजीई परीक्षा पास करने के लिए उम्मीदवार को 300 में से कम से कम 150 अंक लाने होते हैं। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के नियम के मुताबिक विदेशी मेडिकल स्नातकों के लिए यह परीक्षा अपने कोर्स के पूरा होने के 10 साल के भीतर देना अनिवार्य है।
पास प्रतिशत में उतार-चढ़ाव
एफएमजीई के पास प्रतिशत में हर सत्र में बड़ा अंतर देखने को मिला है। जून 2021 में 24.86 प्रतिशत, जून 2022 में 10.91 प्रतिशत, जून 2023 में 10.44 प्रतिशत, जून 2024 में 20.93 प्रतिशत, जून 2025 में 18.62 प्रतिशत और जून 2026 में 12.77 प्रतिशत उम्मीदवार पास हुए। अक्टूबर 2026 में पास प्रतिशत 22.87 रहा, जबकि 77.13 प्रतिशत छात्र फेल हुए।
विदेश में एमबीबीएस करने वालों को मिल सकती है राहत
रूस, यूक्रेन, जॉर्जिया, फिलीपींस और कजाकिस्तान से डॉक्टरी करने वाले भारतीय मेडिकल छात्रों को जल्द ही सख्त नियमों से राहत मिल सकती है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने विदेशी मेडिकल स्नातकों के लाइसेंस नियमों में संशोधन का ड्राफ्ट तैयार किया है और इस पर 30 दिन में आपत्तियां मांगी हैं।
अभी भारत में प्रैक्टिस के लिए संबंधित देश की मेडिकल नियामक संस्था में पंजीकरण के साथ-साथ वहां विदेशी नागरिकों की तरह डॉक्टरी का लाइसेंस लेना भी जरूरी है। एनएमसी ने इस अतिरिक्त शर्त को हटाने का प्रस्ताव दिया है।