सनातन परंपरा से प्रभावित जापानी जोड़े ने लखनऊ के मंदिर में बच्चों के सामने लिए सात फेरे

Share

- Advertisement -

Lucknow News: जापान से दोस्त की शादी में आए हिरो चिहारा और उनकी पत्नी शिजू को भारतीय विवाह परंपरा इतनी पसंद आई कि उन्होंने लखनऊ में ही हिंदू रीति-रिवाज से विवाह करने का फैसला किया। सोमवार को गोमतीनगर के राधा-कृष्ण मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों ने सात फेरे लिए, जबकि उनके बच्चे इस मौके के साक्षी बने।

सनातन संस्कृति में गहरी आस्था रखने वाला यह जापानी जोड़ा परिवार के साथ भारत भ्रमण कर रहा है। इसी दौरान वह लखनऊ में अपने मित्र पंकज जोशी के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचा। विवाह समारोह में भारतीय परंपराओं और रस्मों को देखकर हिरो चिहारा और उनकी पत्नी शिजू काफी प्रभावित हुए। इसके बाद दोनों ने भारतीय रीति-रिवाज से विवाह करने की इच्छा जाहिर की।

दोस्त की शादी में आए थे लखनऊ

शहर के विनय खंड-2 के रहने वाले पंकज जोशी बताते हैं कि वह पिछले 11 साल से दुबई में रियल एस्टेट और कंपनी एस्टेब्लिशमेंट का कारोबार कर रहे हैं। करीब तीन साल पहले उनकी जापानी कारोबारी हिरो चिहारा से मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती हो गई। बीती 21 नवंबर को पंकज की शादी थी और उन्होंने अपने जापानी मित्र को भी परिवार के साथ आमंत्रित किया था।

पंकज बताते हैं कि बातचीत के दौरान जापानी दंपती ने अपनी बरसों पुरानी ख्वाहिश जाहिर की। उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति और हिंदू विवाह पद्धति उन्हें बेहद आकर्षित करती है और वे इसी रीति-रिवाज से विवाह करना चाहते हैं। उनकी भावना का सम्मान करते हुए विवाह की तैयारियां शुरू कर दी गईं।

सोमवार को मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की सभी रस्में पुजारी पंडित जनार्दन ने संपन्न कराईं। हिंदू रीति-रिवाज से होने वाली शादी को लेकर हिरो चिहारा ने बताया, “यह बहुत कीमती अनुभव था कि हम इतनी खूबसूरत शादी कर पाए… हमने 2022 में तलाक ले लिया और एक-दूसरे से दोबारा शादी की, हम इसे भारत में करना चाहते थे।”

पहले भी हो चुके हैं ऐसे विवाह

इससे पहले मार्च में बाराबंकी में एक जर्मन दूल्हे और भारतीय दुल्हन का विवाह हुआ था। साल 2014 में लखनऊ में भी एक ऐसा विवाह चर्चा में आया था, जिसमें एक पक्ष भारतीय और दूसरा विदेशी था। हालांकि, जापानी दंपती का यह मामला अपनी तरह का अलग उदाहरण है, क्योंकि दोनों ही विदेशी हैं और उन्होंने अपने बच्चों के सामने भारतीय परंपरा से विवाह किया है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News