Kolkata News: रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने बेलघरिया स्टेशन पर छापेमारी कर प्रतिबंधित नशीले कफ सीरप की 300 बोतलों के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान नदिया जिले के कृष्णगंज निवासी ममता बीबी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह खेप बड़ाबाजार से लेकर नदिया के सीमावर्ती इलाके गेदे पहुंचाई जानी थी, जहां से इसे बांग्लादेश तस्करी करने की योजना थी।
दमदम जीआरपी को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ाबाजार से नशीले कफ सीरप की एक बड़ी खेप ट्रेन के जरिए नदिया सीमा की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बेलघरिया स्टेशन पर त्वरित घेराबंदी की और गेदे लोकल ट्रेन आने से पहले ही प्लेटफॉर्म से संदिग्ध महिला को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद बोरों से कफ सीरप की 300 बोतलें बरामद की गईं।
बड़ाबाजार के ठिकाने से मिली थी खेप
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ममता बीबी शनिवार को ट्रेन से सियालदह पहुंची थी। वहां से वह बड़ाबाजार गई, जहां उसकी मुलाकात तस्करी गिरोह के एक स्थानीय एजेंट से हुई। एजेंट उसे इलाके के एक गुप्त ठिकाने पर ले गया, जहां उसे प्रतिबंधित कफ सीरप की 300 बोतलें सौंपी गईं।
योजना के तहत रविवार सुबह वह बोतलों को बोरों में भरकर सीधे सियालदह जाने के बजाय निगरानी से बचने के लिए घुमावदार रास्तों से बेलघरिया स्टेशन पहुंची। वहां से उसे गेदे लोकल पकड़कर नदिया के सीमावर्ती इलाके तक खेप पहुंचानी थी, जहां एक रिसीवर को यह माल सौंपा जाना था।
भारत-बांग्लादेश तस्करी गिरोह की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि ममता बीबी पहले भी कई बार कोलकाता से नदिया तक नशीले पदार्थों की खेप पहुंचा चुकी है। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अब बड़ाबाजार स्थित उस गुप्त ठिकाने और एजेंट का पता लगाने में जुटी है, जिसने यह माल उपलब्ध कराया था। इसके अलावा सीमावर्ती क्षेत्र गेदे में खेप लेने वाले रिसीवर की भी पहचान की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस अवैध नेटवर्क के पीछे एक संगठित अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह सक्रिय है।