छत्तीसगढ़ शराब घोटाले का आरोपी विकास अग्रवाल यूएई से भारत लाया गया, सीबीआई ने की बड़ी कार्रवाई

Share

- Advertisement -

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के 1,280 करोड़ रुपये से अधिक के शराब घोटाले में वांछित आरोपी विकास अग्रवाल को संयुक्त अरब अमीरात से भारत लाया गया है। सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के समन्वय से 27 नवंबर को उसकी वापसी सुनिश्चित की। अग्रवाल इंटरपोल के रेड नोटिस पर वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था।

‘मनीमैन’ होने का आरोप क्या है?

जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास अग्रवाल 2019 से 2022 के बीच राज्य की शराब वितरण व्यवस्था में कथित अनियमितताओं से जुड़े संगठित सिंडिकेट में अहम भूमिका निभा रहा था। उसे इस नेटवर्क का केंद्रीय वित्तीय समन्वयक यानी ‘मनीमैन’ बताया गया है। आरोप है कि वह शराब डिस्टिलरी से कमीशन की रकम जुटाने और उसे सरकारी अधिकारियों समेत अन्य लाभार्थियों तक पहुंचाने का काम करता था। इस कथित घोटाले से राज्य के खजाने को 1,280 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।

जांच के मुताबिक, विकास अग्रवाल कथित तौर पर अपराध से अर्जित रकम को कई कंपनियों और अलग-अलग वित्तीय व्यवस्थाओं के जरिए आगे बढ़ाने में मदद करता था। इसका मकसद रकम के असली स्रोत और उसके मालिकाना हक को छिपाना था। एजेंसियों का आरोप है कि शराब वितरण व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार से जुटाए गए पैसों को इस तरह ठिकाने लगाया जाता था कि उसकी पहचान और लेन-देन का पता लगाना मुश्किल हो जाए। इस मामले में नवंबर 2024 में अदालत के सामने चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। इसके बावजूद विकास अग्रवाल जांच एजेंसियों की पकड़ से बाहर था और फरार चल रहा था।

इंटरपोल रेड नोटिस से गिरफ्तारी तक

छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई के साथ समन्वय करते हुए एनसीबी-नई दिल्ली ने इंटरपोल के जरिए विकास अग्रवाल के खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाया था। इसके बाद उसकी लोकेशन का पता लगाया गया और यूएई की एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद यूएई में जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद उसे भारत प्रत्यर्पित किया गया।

छत्तीसगढ़ पुलिस की एक एस्कॉर्ट टीम आरोपी को लेने यूएई पहुंची थी। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यूएई अधिकारियों ने विकास अग्रवाल को भारतीय टीम के हवाले किया। यूएई से आरोपी को लेकर छत्तीसगढ़ पुलिस की एस्कॉर्ट टीम भारत रवाना हुई और 27 नवंबर 2026 को विकास अग्रवाल मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा। उसकी भारत वापसी को सीबीआई ने अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग के जरिए वांछित अपराधियों को देश लाने की कार्रवाई का हिस्सा बताया है।

सीबीआई की भूमिका

सीबीआई भारत में इंटरपोल की नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के तौर पर काम करती है और देश की विभिन्न जांच एजेंसियों के साथ भारतपोल प्लेटफॉर्म के जरिए समन्वय करती है। इस व्यवस्था के जरिए विदेश में मौजूद आरोपियों और भगोड़ों की तलाश में अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग जुटाया जाता है। सीबीआई के मुताबिक, 2019 से अब तक इंटरपोल चैनलों के जरिए 300 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें साल 2026 में अब तक भारत लाए गए 78 भगोड़े भी शामिल हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News