Varanasi News: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सोमवार को राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने 70 लाख रुपये कीमत का 491.290 ग्राम 24 कैरेट सोना जब्त किया। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई में आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है।
डीआरआई अधिकारियों के अनुसार शारजाह से आ रहे विमान में सोना तस्करी की खबर मिली थी। विमान के उतरते ही यात्रियों की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान एक यात्री की सीट के नीचे पेस्ट कंपाउंड के रूप में छिपाकर रखा गया सोना बरामद हुआ। पूछताछ में यात्री सोने के दस्तावेज नहीं दिखा सका।
बांग्लादेश से लाए जा रहे करोड़ों के सोने की पहले भी हुई जब्ती
इससे पहले 23 जुलाई को भी डीआरआई ने तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की थी। तब बिहार से नई दिल्ली जा रही ट्रेन में सवार एक महिला के पास से 4.98 किलोग्राम सोना मिला था। बांग्लादेश के रास्ते तस्करी कर लाए गए इस सोने की अनुमानित कीमत लगभग 7.11 करोड़ रुपये बताई गई थी।