मेरठ में वांटेड संदिग्ध आतंकी उजैद गिरफ्तार, पुलवामा-उरी जैसा हमला करने की थी साजिश

Share

- Advertisement -

Meerut News: मेरठ स्वॉट टीम ने जम्मू-कश्मीर से वांटेड संदिग्ध आतंकी उजैद को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वह पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर किशोरों को फिदायीन आतंकी बनाने के मॉड्यूल से जुड़ा था और जम्मू-कश्मीर में आर्मी कैंप व काफिले पर उरी-पुलवामा जैसा हमला करने की योजना बना रहा था।

पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया उजैद विस्फोटक जैकेट लेने के लिए गुरैज वैली होकर पाकिस्तान में ट्रेनिंग के लिए जाने वाला था। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने प्रेसवार्ता में उजैद की गिरफ्तारी का खुलासा किया। उजैद बनियापाड़ा कोतवाली मेरठ का रहने वाला है।

एसएसपी ने बताया कि आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक मॉड्यूल का खुलासा नवंबर 2025 में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने किया था और उस मामले में साजिद नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। उजैद इसी केस में वांटेड था और 10 माह से फरार चल रहा था।

जांच में सामने आया है कि उजैद और साजिद समेत कुछ युवक सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलर और आईएसआई एजेंट के संपर्क में आए थे। इन लोगों को किशोरों को आत्मघाती आतंकी बनाने और आतंकी मॉड्यूल में शामिल करने का टास्क दिया गया था।

पुलिस के मुताबिक, उजैद पाकिस्तानी आतंकी मौलाना मसूद अजहर, तारिक मसूद और डॉ. इशरार का फैन था और उनके वीडियो देखता था। इन्हीं वीडियो पर कमेंट करने के दौरान पाकिस्तानी हैंडलर की नजर में वह आया था। इंस्टाग्राम, सेशन ऐप और सिग्नल ऐप पर ट्यूशन-40 और ब्रिगेड नाम से ग्रुप बनाकर उजैद और बाकी लोगों को जोड़ा गया था। इन्हीं ग्रुप में पीओके से आतंकी अमीर हमजा, पाकिस्तान के पंजाब से अबू मुसाब और पीओके से फुरकान व कामरान समेत कई आईएसआई एजेंट जुड़े थे।

ऐप पर ग्रुप से बनाई हमले की योजना

पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध आतंकी साजिद, उजैद और इनके साथियों के मंसूबे खतरनाक थे। सेशन ऐप पर आरोपियों ने ब्रिगेड नाम से ग्रुप बनाया था और इसी पर हमले की प्लानिंग की थी। साजिद ने कहा था कि बम वाली जैकेट पहनकर आर्मी का चेकपोस्ट उड़ा दूंगा। उसने लिखा था कि इंशाअल्लाह, मैं 100 प्रतिशत दूंगा। दूसरे साथी ने पूछा कि जैकेट कहां है, तो पाकिस्तान से जुड़े हैंडलर ने लिखा था कि बना लेंगे घर में ही।

महिलाओं को मोहरा बना रहा पाकिस्तान

पुलिस के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे आतंकी संगठन व सरगना अब भारत में हमले के लिए महिलाओं को मोहरा बना रहे हैं। जैश-ए-मोहम्मद ने इसके लिए अपना महिला विंग ‘जमात-उल-मोमिनात’ बनाया है, जो भारत में महिलाओं को आतंकी वारदात के लिए भर्ती करने में लगा है। शहजाद भट्टी नेटवर्क भी सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को जोड़ रहा है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News