Dehradun News: राज्य गठन के बाद से उत्तराखंड में 7,487 अज्ञात शव मिले हैं, जिनकी पहचान आज तक नहीं हो सकी। इनमें 1,031 महिलाएं हैं। पुलिस ने इन शवों को जोनल इंटीग्रेटेड पुलिस नेटवर्क पोर्टल पर यूआईडीबी यानी अन आइडेंटिफाइड डेड बॉडी के रूप में दर्ज किया है। हर महीने दर्जनों नई अधूरी कहानियां इसमें जुड़ जाती हैं।
राज्य गठन के बाद से विभिन्न स्थानों पर 7,400 से ज्यादा शव ऐसे मिले हैं, जिनके अंत की कहानी आज तक किसी को पता नहीं चल पाई। इन्हें कोई अपना कहने आया और न ही इनके पास ऐसी कोई निशानी मिली, जिसके बूते इन्हें परिजनों तक पहुंचाया जा सके। अब सरकारी दस्तावेज में इनकी पहचान 12 अंकों की आईडी के रूप में दर्ज है, जिसे यूआईडीबी यानी अन आइडेंटिफाइड डेड बॉडी लिखा जाता है।
दरअसल गत 18 नवंबर को देहरादून के जामुनवाला में एक युवती का शव बरामद हुआ था। करीब 72 घंटों तक शव की पहचान की कोशिश की गई, पर जब सफलता नहीं मिली तो पुलिस ने नियमानुसार अंतिम संस्कार कर दिया। अब जोनल इंटीग्रेटेड पुलिस नेटवर्क (जिप नेट) पोर्टल पर इस महिला को भी यूआईडीबी-202611000502 के रूप में दस्तावेजी पहचान दी गई है।
जिप नेट पोर्टल पर दर्ज आंकड़े
जिप नेट पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में इसी तरह मिले अज्ञात शवों की संख्या 7,487 है, इनमें 1,031 महिलाएं हैं। महिलाओं में भी एक वर्ष से 10 वर्ष तक के बच्चों की संख्या 26 है, जबकि 20 वर्ष से ऊपर की 673 हैं। जिपनेट में सदस्य राज्य पुलिस अपने-अपने इलाकों में भी इन शवों की पहचान की कोशिश करती हैं, पर हर माह दर्जनों अधूरी कहानियां इनमें जुड़ जाती हैं।