गोपालगंज SDO प्रेरणा सिंह के ठिकानों पर SVU छापा, 2.82 करोड़ की संपत्ति और 10 बैंक खाते मिले

Share

- Advertisement -

Gopalganj News: विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने गोपालगंज की अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रेरणा सिंह और उनके पति रितेश कुमार के सात ठिकानों पर छापेमारी की। छापे में 2 करोड़ 82 लाख 65 हजार रुपये की पांच अचल संपत्तियां और 10 बैंक खातों में करीब 56 लाख 28 हजार रुपये के जमा व निवेश का पता चला है।

एसवीयू के मुताबिक, प्रेरणा सिंह और रितेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने इस मामले में केस दर्ज किया है। एसवीयू थाना में कांड संख्या 29/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एसवीयू के एडीजी सुधांशु कुमार ने छापेमारी के नतीजों की जानकारी दी।

छापेमारी मंगलवार सुबह आठ से दस बजे के बीच शुरू हुई। एसवीयू की अलग-अलग टीमों ने पटना, रोहतास और गोपालगंज में दोनों के कार्यालयों और आवासों पर एक साथ दबिश दी। देर रात तक तलाशी जारी रही और जब्त दस्तावेजों का मूल्यांकन किया गया।

सात ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

जिन ठिकानों पर छापा मारा गया, उनमें दानापुर के गोला रोड स्थित विवेक विहार कॉलोनी में दोनों का आवासीय परिसर, पटना के कोतवाली में रितेश कुमार का कार्यालय, गोपालगंज टाउन में प्रेरणा सिंह का आवास-कार्यालय, रोहतास के देवथ में रितेश का पैतृक आवास और पटना के एसके पुरी, राजेंद्र पथ स्थित जनकमुनी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 102 शामिल हैं।

छापे के दौरान झारखंड के धनबाद में एक फ्लैट की खरीद के दस्तावेज मिले। इसके अलावा एसडीएम का बोर्ड लगी एक बेनामी स्कॉर्पियो भी मिली है। जांच एजेंसी को इसी साल 5 नवंबर को खरीदे गए 10-10 ग्राम के सोने के 6 सिक्कों के दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी कीमत 9 लाख रुपये बताई गई है।

छापेमारी में एक हुंडई क्रेटा और एक स्कूटी भी मिली है। एसबीआई और पीएनबी में 10 लाख रुपये की सावधि जमा (एफडी) के दस्तावेज मिले हैं। साथ ही एसबीआई की आनंदपुरी शाखा (पटना) में दो लॉकरों की जानकारी मिली है। एसवीयू के मुताबिक, दोनों के बैंक लॉकर खोलने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। लॉकर खुलने के बाद और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिलने की संभावना है।

आय के ज्ञात स्रोत से 84 प्रतिशत अधिक संपत्ति का आरोप

एसवीयू के मुताबिक, सत्यापन के बाद दोनों के खिलाफ कुल 1,98,28,175 रुपये की आय से अधिक संपत्ति पाई गई है। यह रकम उनके आय के ज्ञात स्रोतों से 84 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इसी आधार पर उनके खिलाफ एसवीयू थाना में मामला दर्ज किया गया है।

छापे में मिली अचल संपत्ति

रितेश कुमार के नाम दानापुर के चंद्रशेखर नगर में 4.5 डिसमिल आवासीय भूमि मिली है, जिसकी कीमत 36.74 लाख रुपये बताई गई है। वहीं चंद्रशेखर नगर में ही 8100 वर्गफीट भूखंड पर बना जी-प्लस-4 मकान भी मिला है, जिसकी लागत 1.60 करोड़ रुपये बताई गई है।

प्रेरणा सिंह के नाम रोहतास के सूर्यपुरा स्थित मौजा-नीमा में 16 डिसमिल भूखंड मिला है, जिसकी कीमत 1.90 लाख रुपये बताई गई है। दानापुर के सहजादपुर में 5.6 डिसमिल आवासीय भूखंड मिला है, जिसकी कीमत 43.71 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा दानापुर के सिकंदरपुर स्थित सतविका गैलेक्सी के टावर-3 में एक फ्लैट भी मिला है, जो प्रेरणा सिंह और उनकी मां सुनयना सिंह के नाम है और जिसकी कीमत 40.30 लाख रुपये बताई गई है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News