Nurpur News: इंटरनेट मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर एक महिला और उसके परिवार को बदनाम करने तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में नूरपुर पुलिस ने पंजाब के लुधियाना से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला की तस्वीरें व मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने के साथ व्हाट्सऐप पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।
नूरपुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लुधियाना के शेरपुर चौक निवासी शाम लाल को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) धर्मचंद वर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी ने महिला के नाम से अलग-अलग फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाए थे। इन अकाउंट्स पर महिला और उसके परिवार की तस्वीरें अपलोड कर उन पर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं।
मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर दी जान से मारने की धमकी
आरोपी ने महिला का मोबाइल नंबर भी इंटरनेट मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया था। इसके बाद महिला को अज्ञात नंबरों से लगातार फोन आने लगे, जिससे वह और उसका पूरा परिवार भारी मानसिक तनाव में था। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर व्हाट्सऐप के माध्यम से महिला और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
साइबर सेल की मदद से लुधियाना से हुई गिरफ्तारी
इस संबंध में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर 26 अगस्त को पुलिस थाना डमटाल में मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए नूरपुर पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की। डिजिटल जानकारियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन व पहचान पुख्ता कर उसे पंजाब से दबोच लिया गया।
फर्जी अकाउंट्स ब्लॉक करवाए, पुलिस कर रही पूछताछ
नूरपुर पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए महिला के नाम से बनाए गए सभी फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक और डिलीट करवा दिए हैं। पुलिस टीम फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी कितने समय से महिला को परेशान कर रहा था और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।
पुलिस की आमजन से अपील
नूरपुर पुलिस ने नागरिकों से इंटरनेट मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने और किसी की भी तस्वीर, मोबाइल नंबर या निजी जानकारी का दुरुपयोग न करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी को बदनाम करने, अश्लील टिप्पणियां करने या ऑनलाइन धमकी देने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति फर्जी अकाउंट से परेशान होता है, तो वह चैट, स्क्रीनशॉट, कॉल विवरण और अन्य डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखकर बिना देरी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाए।