Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में महिला कपड़ा कारोबारी से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जयपुर के दो व्यापारियों पर महिला कारोबारी का 1.62 करोड़ रुपये का कपड़ा लेकर बकाया भुगतान न करने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भिवंडी यूनिट से करोड़ों रुपये का कपड़ा लेकर नहीं किया भुगतान
निजामपुरा पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने महिला व्यापारी का भरोसा जीता था। इसके बाद 13 दिसंबर 2022 से 21 अगस्त 2024 के बीच भिवंडी स्थित इकाई से 1,62,68,507 रुपये का माल उठाया था। माल की पूरी सप्लाई होने के बाद भी आरोपियों ने लंबे समय तक बकाया राशि नहीं लौटाई।
निजामपुरा पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी का मामला दर्ज
लगातार तगादे के बावजूद बकाया रकम न मिलने पर पीड़िता ने पुलिस का रुख किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर मंगलवार को जयपुर के दोनों व्यापारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की छानबीन जारी है।