सोलन के धर्मपुर में PNB का ATM तोड़ने वाला आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार, दूसरा साथी फरार

Share

- Advertisement -

Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के धर्मपुर थाना क्षेत्र के तहत चेवा पंचायत में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम में चोरी का प्रयास करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान वीरेंद्र सिंह पूनिया (43) पुत्र बनी सिंह, निवासी डीग (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को राजस्थान से दबोचा है, जबकि वारदात में शामिल उसके दूसरे साथी की तलाश जारी है। सोलन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) साईं दत्तत्रेया वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।

एसपी सोलन साईं दत्तत्रेया वर्मा ने बताया कि वारदात 9 और 10 अक्टूबर 2026 की मध्य रात्रि को अंजाम दी गई थी। दो नकाबपोश आरोपी चेवा पंचायत स्थित पीएनबी के एटीएम बूथ में घुसे और नकदी लूटने के इरादे से मशीन के कैश डिस्पेंसर वॉल्ट को तोड़ने लगे। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों, कार्ड रीडर स्लॉट और रसीद प्रिंटर पर काला रंग पोत दिया था।

अलार्म बजते ही भागे थे आरोपी

तोड़फोड़ के दौरान ही एटीएम का सुरक्षा अलार्म बज उठा। अलार्म की आवाज सुनकर पकड़े जाने के डर से दोनों आरोपी नकदी चुराए बिना ही मौके से फरार हो गए। हालांकि, इस दौरान उन्होंने एटीएम मशीन और पूरे परिसर को भारी नुकसान पहुंचाया था। घटना के बाद बैंक प्रबंधन की सूचना पर धर्मपुर पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला (एफआईआर नंबर 177/2026) दर्ज किया गया था।

साइबर सेल और पुलिस टीम ने राजस्थान से दबोचा

वारदात की गंभीरता को देखते हुए सोलन पुलिस और जिला साइबर सेल की एक संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपियों का सुराग जुटाया।

कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने 29 अक्टूबर को राजस्थान के डीग जिले में दबिश देकर मुख्य आरोपी वीरेंद्र सिंह पूनिया को धर दबोचा। एसपी ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और उसके पिछले आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की भी पहचान हो चुकी है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News