Sirmour News: सिरमौर जिले की यशवंतनगर पुलिस चौकी टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 100 पेटी अवैध देसी शराब बरामद की। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर गाड़ी जब्त कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 1 अगस्त को नियमित गश्त और ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिस टीम शायाघाट पर मौजूद थी। उसी समय सनौरा की तरफ से आ रहे एक पिकअप वाहन (HP63A-2142) को जांच के लिए रोका गया। चालक ने अपनी पहचान देवठी मझगांव, तहसील राजगढ़ निवासी 32 वर्षीय जयप्रकाश के रूप में दी।
चेकिंग के दौरान पकड़ी गई अवैध शराब की खेप
शंका होने पर पुलिस ने जब पिकअप की सघन तलाशी ली, तो उसमें रखे गत्ते के डिब्बों से पैराडाइज संतरा ब्रांड की 100 पेटी देसी शराब मिली। इन सभी बोतलों पर केवल हिमाचल प्रदेश में बिक्री के लिए अंकित था। आरोपी चालक शराब के परिवहन से जुड़ा कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर पाया।
पुलिस ने तुरंत पूरी शराब और पिकअप वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी जयप्रकाश के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी है ताकि तस्करी के इस पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।