Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है। स्पेशल सेल की टीम ने तारा देवी स्थित रैन शेल्टर से एक युवक को 30 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ पकड़ा है। आरोपी नशे की इस खेप को स्थानीय स्तर पर सप्लाई करने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार 16 अगस्त को स्पेशल सेल को गुप्त इनपुट मिला था। सूचना थी कि मंडी निवासी गोपाल सिंह कटवाल, जो अभी शिमला के टूटू में रहता है, तारा देवी रैन शेल्टर में बैग लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास मौजूद काले रंग के सफारी बैग की गुप्त चेन से 30 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। रंगे हाथ नशीला पदार्थ मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी यह खेप कहां से खरीद कर लाया था।
बालूगंज थाना पुलिस ने इस मामले में 16 अगस्त 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत केस संख्या 168/2026 दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस रिमांड में आरोपी से पूरे नेटवर्क, सप्लायर और खरीदारों के बारे में पूछताछ कर आगे की जांच करेगी।