हिमाचल के रामपुर में चिट्टा तस्करी पर बड़ा एक्शन, शिमला पुलिस ने 34 ग्राम नशीले पदार्थ संग चार तस्कर दबोचे

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते नेटवर्क को तोड़ने के लिए शिमला पुलिस लगातार कड़े कदम उठा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने रामपुर सब-डिवीजन में तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में चार अंतर्राज्यीय और स्थानीय तस्करों को पकड़ा है। इनके कब्जे से कुल 34.31 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।

पहली कार्रवाई में रामपुर पुलिस स्टेशन की टीम हेड कांस्टेबल पीयूष राज के नेतृत्व में 5 सितंबर की रात पेट्रोलिंग पर थी। रात लगभग 9:10 बजे रचोली में शक के आधार पर एक शख्स की तलाशी ली गई। उसके पास से 7.15 ग्राम चिट्टा मिला। आरोपी कमलवीर कुरुक्षेत्र, हरियाणा का रहने वाला है।

दूसरी कार्रवाई भी 5 सितंबर को रचोली में ही एएसआई इंद्रजीत की टीम ने शाम 4:35 बजे की। पुलिस ने गश्त के दौरान जतिंदर सिंह निवासी डेराबस्सी पंजाब और राजा नेगी निवासी झाखड़ी रामपुर को रोका। तलाशी में दोनों से 6.16 ग्राम चिट्टा मिला। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

तीसरा मामला रामपुर के ज्यूरी इलाके का है, जहां डिटेक्शन सेल ने सबसे बड़ी कामयाबी पाई। कटोलू पुल के पास नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध युवक से 21 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पकड़ा गया आरोपी अंकित ठाकुर मंडी जिले के सरकाघाट का निवासी है। उसके खिलाफ झाखड़ी थाने में केस दर्ज हुआ।

शिमला पुलिस चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच तेजी से आगे बढ़ा रही है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि नशे की यह सप्लाई कहां से आई थी और इसे स्थानीय स्तर पर किन लोगों तक पहुंचाना था।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News