नेत्रहीन की हत्या कर अपनी मौत का नाटक रचने वाला विनोद गिरफ्तार, पुलिस ने खोला सनसनीखेज राज

Share

- Advertisement -

Shahjahanpur News: शाहजहांपुर के कलान थाना क्षेत्र में सूखे कुएं से मिले सिर कटे शव का पुलिस ने खुलासा किया है। दुष्कर्म के आरोपी विनोद शर्मा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए नेत्रहीन राजपाल की हत्या कर मौत का नाटक रचा था। उसने राजपाल का सिर काटकर नदी में फेंका और धड़ के पास अपना आधार कार्ड रख दिया था।

17 नवंबर को कलान थाना क्षेत्र के गांव सिउड़ी के पास एक सूखे कुएं में सिर कटा शव मिला था। शव के पास काले बैग में पावरबैंक, चंदन की डिब्बी, मोर पंख और विनोद के नाम का आधार कार्ड की फोटोकॉपी मिली थी। विनोद की पत्नी पूजा और परिजनों ने पैर में बंधे धागे के आधार पर शव की पहचान विनोद के रूप में की थी। इसके बाद पूजा ने गांव के राजेश, योगेश, मुकेश समेत नौ लोगों के खिलाफ पति की हत्या का मामला दर्ज कराया था।

मामले में पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बनाने के लिए सड़क पर जाम भी लगाया गया था। पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए कई टीमें गठित कीं। जांच में बीट पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ कि कुएं में मिला शव विनोद का नहीं है। इसके बाद पुलिस ने भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाने के साथ सर्विलांस की मदद ली। विनोद के मोबाइल नंबरों की निगरानी की गई तो पता चला कि वह नंबर बदल-बदलकर परिजनों से बात कर रहा था।

तंत्र-मंत्र का झांसा देकर की हत्या

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक दीक्षा भांवरे अरुण के अनुसार, विनोद खुद को तांत्रिक बताता था। उसने अपने साथ रह रहे निगोही थाना क्षेत्र के गांव ऐठापुर निवासी नेत्रहीन राजपाल को तंत्र-मंत्र के जाल में फंसा लिया। उसकी आंखों की रोशनी लौटाने की बात कहते हुए बदायूं जिले के थाना उसहैत के गांव कटरा निवासी विकास और इसी थाना क्षेत्र के गांव मुड़िया निवासी ओमपाल के साथ मिलकर राजपाल की गला काटकर हत्या कर दी। उसका सिर अटैना घाट पर नदी में फेंक दिया, जबकि धड़ गांव सिउड़ी के पास सूखे कुएं में डाल दिया।

जागरण के अनुसार, राजपाल की पत्नी से विवाद के दौरान उसने उनकी आंखों में मिर्च झोंक दी थी, जिसके बाद से उनकी रोशनी चली गई थी। वह आंखों की रोशनी वापस लाना चाहते थे, इस कारण विनोद के जाल में फंस गए। विनोद पर दुष्कर्म और मारपीट समेत कई मामले दर्ज थे। वह जेल भी जा चुका था। जमानत पर छूटने के बाद वह अदालत में हाजिर नहीं हो रहा था, जिस वजह से उसका कुर्की वारंट तक जारी हो गया था। घर की कुर्की बचाने के लिए पत्नी सहित अन्य स्वजन ने भी उसका साथ दिया। शव की पहचान विनोद के रूप में करके उसके बेटे से धड़ का अंतिम संस्कार करा दिया गया।

तीन आरोपी गिरफ्तार, सात परिजन हिरासत में

पुलिस ने विनोद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के लिए विनोद के परिवार के सात सदस्यों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनमें उसकी पत्नी भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, जांच से पता चला है कि शर्मा के परिवार वालों को पता था कि वह जिंदा है। पुलिस ने बताया कि तीन दिन बाद शर्मा ने पीड़ित के मोबाइल फोन में नया खरीदा हुआ सिम कार्ड डाला और उससे अपनी पत्नी और परिवार के सदस्यों से संपर्क किया था।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News