शिमला पुलिस ने नशा तस्करों की 1.38 करोड़ की संपत्ति जब्त की, 10 वाहन और आईफोन शामिल

Share

- Advertisement -

Shimla News: शिमला पुलिस के रामपुर थाने ने एनडीपीएस मामले में नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी 1.38 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। वर्ष 2025 में 27 ग्राम चिट्टा बरामदगी के बाद शुरू हुई जांच में 38 आरोपी गिरफ्तार हुए और 2026 में 12 लोगों के नाम पर संपत्तियां चिह्नित की गईं।

हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रामपुर थाना क्षेत्र के एनडीपीएस मामले में 1 करोड़ 38 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। पुलिस के अनुसार यह संपत्ति नशे के अवैध कारोबार से अर्जित बताई गई है।

एएसपी सिटी मेहर पंवर ने बताया कि 3 मार्च 2025 को रामपुर के कुटीहार क्षेत्र में गश्त के दौरान एक संदिग्ध वाहन की तलाशी ली गई थी। उस समय वाहन में सवार मंडी जिले के करसोग निवासी सोहन लाल और उसकी पत्नी गीता श्रेष्ठ के पास से करीब 27 ग्राम चिट्टा मिला था।

दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिससे कई अन्य संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली। जांच आगे बढ़ने पर इस मामले में कुल 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

वित्तीय जांच में 12 लोगों की संपत्तियां चिह्नित

मेहर पंवर के मुताबिक वर्ष 2026 में इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम के अध्याय 5ए के तहत वित्तीय जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपियों और उनसे जुड़े लोगों के बैंक खातों, यूपीआई लेनदेन, आयकर रिटर्न, राजस्व रिकॉर्ड और परिवहन विभाग के दस्तावेजों की जांच की।

वित्तीय जांच में छह आरोपियों और उनके छह सहयोगियों सहित कुल 12 व्यक्तियों के नाम पर संपत्तियां सामने आईं। इनमें ईकोमैट ट्रक, हुंडई वेन्यू, टोयोटा ग्लैंजा और आयशर टिप्पर सहित 10 वाहन तथा दो एप्पल आईफोन शामिल हैं, जिनका अनुमानित मूल्य 1 करोड़ 38 लाख रुपये से अधिक है।

पुलिस के अनुसार आरोपी संदीप शाह और उसके सहयोगियों के बैंक खातों में यूपीआई और बैंकिंग माध्यमों से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का संदिग्ध लेनदेन भी मिला। जांच में संबंधित व्यक्तियों के पास इन संपत्तियों को खरीदने के लिए पर्याप्त वैध आय का स्रोत नहीं पाया गया।

नशा तस्करी के आर्थिक नेटवर्क पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार उपलब्ध वित्तीय साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया यह माना गया कि ये संपत्तियां नशे के अवैध कारोबार से बनाई गई थीं। इसके बाद एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की गई।

एएसपी सिटी मेहर पंवर ने कहा कि शिमला पुलिस अब नशे की बरामदगी और गिरफ्तारी के साथ-साथ अवैध कमाई और संपत्तियों पर भी कार्रवाई कर रही है। इसका उद्देश्य तस्करी के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ना और अवैध लाभ से वंचित करना है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में जिला शिमला में एनडीपीएस मामलों में वित्तीय जांच को प्रभावी रूप से लागू किया गया है। इस साल अब तक 16 मामलों में 84 अपराधियों की 14 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त हो चुकी है, जो प्रदेश में सबसे अधिक बताई गई है। उनके अनुसार वर्ष 2024 और 2025 में शिमला जिले में इस तरह की कोई संपत्ति जब्त नहीं की गई थी।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News