Rohtak News: रोहतक जिले के कलानौर थाना क्षेत्र में बेरी रोड पर एक तेज रफ्तार थार कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उनका भतीजा घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी थार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोहतक के कलानौर थाना क्षेत्र में बेरी रोड पर गांव गढ़ी बस अड्डे के पास दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार थार कार ने आगे जा रही बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार महिला की जान चली गई, जबकि युवक घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की और आरोपी वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
रोहतक जाते समय कॉलेज मोड़ के पास हुआ हादसा
गांव निगाना निवासी प्रदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोहतक स्थित एक्सिस बैंक में नौकरी करते हैं। 5 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे वह अपनी बाइक से गांव से रोहतक जा रहे थे। बाइक पर पीछे उनकी ताई सुमन (50) बैठी हुई थीं। जब वे बेरी रोड पर गांव गढ़ी बस अड्डे से आगे कॉलेज मोड़ के पास पहुंचे, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार थार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल ले जाते समय महिला ने तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने दोनों घायलों को तुरंत कलानौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सीएचसी काहनौर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद 50 वर्षीय सुमन को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल प्रदीप का उपचार किया जा रहा है।
पांच बच्चों के भरण-पोषण का जिम्मा संभाल रही थीं सुमन
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मौजूद परिजनों ने बताया कि सुमन के पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है, जिनमें से दो बेटियों का विवाह हो चुका है जबकि तीन बच्चे अभी अविवाहित हैं। सुमन स्वयं नौकरी कर बच्चों का पालन-पोषण और घर का खर्च चला रही थीं। कलानौर थाना पुलिस का कहना है कि प्रदीप की शिकायत के आधार पर आरोपी थार चालक के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।