Shivpur News: सरकारी अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन लैब भवन में काम कर रहे 31 वर्षीय मजदूर छोटू कुमार लोहार ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना का पता सोमवार सुबह करीब पांच बजे चला, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिहार के पूर्णिया जिला अंतर्गत सदर थाना क्षेत्र के ग्राम रामबाग निवासी छोटू कुमार लोहार (31) पुत्र स्वर्गीय शंकर लोहार पिछले करीब ढाई महीने से शिवपुर स्थित सरकारी अस्पताल परिसर में मजदूरी कर रहा था। वह परिसर में बन रही नई लैब बिल्डिंग के निर्माण कार्य में लगा हुआ था और वहीं परिसर में स्थित एक पुराने कमरे में रह रहा था।
सुबह कमरे में लटका मिला शव
मृतक के भांजे सोनू लोहार के अनुसार, वह और उसके मामा छोटू कुमार अलग-अलग कमरों में रहते थे। सोमवार तड़के करीब पांच बजे जब सोनू अपने कमरे से निकलकर छोटू के कमरे की तरफ गया, तो वहां का दरवाजा खुला हुआ मिला। कमरे के अंदर जाने पर छोटू कुमार का शव फंदे से लटका दिखा।
सोनू ने तुरंत इसकी जानकारी अपने साथी बबलू को दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।
पारिवारिक विवाद की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छोटू कुमार का अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। उसकी दो वर्ष की एक मासूम बेटी भी है। पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखते हुए परिजनों और साथी मजदूरों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।