Berhampore News: बहरमपुर के नियालिशपाड़ा गोलजान ग्राम पंचायत इलाके में सड़क किनारे नाली से एक नवजात का क्षतविक्षत शव बरामद हुआ है। आवारा कुत्ते शव को खींच रहे थे, जिसे देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इलाके के सीसीटीवी फुटेज में सुबह दो संदिग्ध महिलाएं प्लास्टिक बैग के साथ नाले के पास जाती दिखी हैं।
बहरमपुर में सड़क किनारे नाली में एक नवजात का शव पड़ा मिला है। बीती शाम नियालिशपाड़ा गोलजान ग्राम पंचायत इलाके में कथलतला दुर्गा मंदिर के पास एक आवारा कुत्ते को सड़क किनारे की नाली से नवजात का शव खींचते हुए देखा गया। नाले में नवजात का शव कितनी देर से पड़ा था, इसका पता नहीं चल सका है।
स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना
आवारा कुत्ते को शव खींचते देख स्थानीय लोगों ने उसे भगाया और तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि शव इतनी बुरी तरह क्षतविक्षत था कि नवजात के लिंग की पहचान करना भी मुश्किल हो गया है। अभी यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चे को नाले के पास छोड़े जाने से पहले उसकी मौत हो चुकी थी या उसे जीवित अवस्था में ही वहां फेंका गया था।
सीसीटीवी फुटेज में दिखीं दो संदिग्ध महिलाएं
मामले की जांच के दौरान इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें सुबह के समय दो महिलाएं संदिग्ध अवस्था में घूमती हुई नजर आई हैं। फुटेज में उनके पास एक प्लास्टिक बैग दिखाई दे रहा है और वे नाले के पास जाती दिखी हैं।
हालांकि, अभी तक दोनों महिलाओं की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्ध महिलाओं की शिनाख्त और पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।