Delhi News: उत्तर दिल्ली के नरेला इलाके में गुरुवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर एक प्रॉपर्टी डीलर की जान ले ली। यह सनसनीखेज वारदात एक जिम के बिल्कुल बाहर हुई। सुबह-सुबह हुई इस अचानक गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार यह घटना सुबह करीब सात बजे घटी। मृतक की पहचान प्रमोद के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। घात लगाकर बैठे हमलावरों ने प्रमोद पर नजदीक से कई राउंड फायर किए। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद सभी आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
हमलावरों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस आसपास के रास्तों और दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक कर रही है ताकि शूटरों के भागने की दिशा पता चल सके। फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।