कांगड़ा में चिट्टा तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 70 लाख रुपये की हेरोइन के साथ 19 साल का युवक गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। सीआईए विंग ने इंदौरा के उलैहड़ियां क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान 260 ग्राम चिट्टे के साथ एक 19 वर्षीय युवक को दबोचा है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 70 लाख रुपये आंकी गई है।

एडिशनल एसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि सीआईए टीम डमटाल, इंदौरा और मिलवां क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि जालंधर-जम्मू हाईवे से उलैहड़ियां जाने वाली सड़क पर रेलवे क्रॉसिंग के पास एक संदिग्ध युवक बाइक पर मादक पदार्थ लेकर खड़ा है।

मोटरसाइकिल की डिक्की से बरामद हुई 260 ग्राम हेरोइन

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर मौके पर अचानक रेड की। वहां काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक खड़ी मिली। तलाशी लेने पर डिक्की में पारदर्शी पॉलीथिन में छिपाकर रखा गया चिट्टा मिला। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर यह नशीला पदार्थ 260 ग्राम निकला।

पुलिस ने नशीला पदार्थ और बाइक जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान तमौता निवासी 19 वर्षीय संजू कुमार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ इंदौरा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सप्लाई चेन और बड़े तस्करों तक पहुंचने में जुटी पुलिस

इतनी कम उम्र के युवक से 70 लाख रुपये का नशा मिलना पुलिस अधिकारियों के लिए गंभीर चिंता का सबब है। एएसपी ने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी इतनी बड़ी खेप कहां से लाया था। पुलिस उसके मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और संपर्कों की पड़ताल कर रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News