मेरठ में एकतरफा प्यार में हिस्ट्रीशीटर ने युवती को मारीं चार गोलियां, फिर खुद को गोली मारकर किया सुसाइड

Share

- Advertisement -

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में कंकरखेड़ा क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एकतरफा प्यार में पड़े हिस्ट्रीशीटर आदित्य ने अनुष्का नाम की युवती को चार गोलियां मारने के बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में युवती को सुभारती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि 18 जुलाई को आरोपी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो स्टोरी अपलोड की थी, जिसमें उसने सिर में गोली मारने की बात कही थी। इस वीडियो के ठीक 11 दिन बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस मामले में लव ट्रायंगल और पुरानी रंजिश के कोण से जांच कर रही है।

आर्यन के नाम के टैटू से नाराज था आरोपी, 1 मिनट की बातचीत के बाद दागीं गोलियां

जांच में पता चला है कि अनुष्का ने अपने हाथ पर ‘आर्यन’ नाम का टैटू बनवाया था। जेल से जमानत पर छूटकर आए आदित्य ने जब यह टैटू देखा तो वह काफी भड़क गया। युवती ने उससे बात करने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद आरोपी ने उसे मिलने के बहाने बुलाया और धमकी देने लगा।

घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि युवती स्कूटी से आई थी। दोनों के बीच करीब एक मिनट बातचीत और कहासुनी हुई। इसके बाद गुस्से में आकर आदित्य ने पिस्टल निकालकर पहले युवती के माथे पर और फिर पेट व गर्दन पर लगातार चार गोलियां दाग दीं।

मौके से दो पिस्टल बरामद, परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज करने में जुटी पुलिस

युवती को गोली मारने के बाद आरोपी आदित्य ने खुद के पेट में दो गोलियां मारकर जीवनलीला समाप्त कर ली। आरोपी के खिलाफ लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के 8 गंभीर मुकदमे दर्ज थे। घटना के बाद फोरेंसिक टीम और पुलिस ने मौके से दो पिस्टल और कुछ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

देर रात परिजनों ने पुलिस में तहरीर देकर आरोपी पर युवती को परेशान करने और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया। डॉक्टरों ने घंटों चले ऑपरेशन के बाद युवती के शरीर से गोली निकाल ली है, लेकिन उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। उसे हायर सेंटर दिल्ली रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News