Manipur News: मणिपुर के सेनापति जिले में दो लापता युवकों के क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद कांगपोकपी जिले में तनाव फैल गया है। सोमवार को प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें पथराव के बाद सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। कुकी संगठन सीओटीयू ने घटना के विरोध में 48 घंटे के अतिरिक्त बंद का आह्वान किया है।
मणिपुर के सेनापति जिले में दो युवकों की नृशंस हत्या के बाद पड़ोसी कांगपोकपी जिले में व्यापक आक्रोश फैल गया है। सोमवार को उग्र प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच तीखी झड़पें हुईं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाबलों को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इस टकराव में सिर में चोट लगने से एक प्रदर्शनकारी घायल हुआ है, जिसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
केले के खेत में बोरियों में मिले थे युवकों के शव
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, कांगपोकपी जिले के एक गांव से लापता हुए दो युवकों के क्षत-विक्षत शव रविवार को सेनापति जिले के एक केले के खेत से बरामद किए गए थे। दोनों शवों को बोरियों में भरकर फेंका गया था। शव मिलने की खबर फैलते ही रविवार रात से ही कांगपोकपी जिले के विभिन्न हिस्सों में स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और जगह-जगह विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए सोमवार को पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई।
प्रदर्शनकारियों का पथराव, सुरक्षाबलों ने दागे आंसू गैस के गोले
सोमवार को जब प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों पर पथराव शुरू कर दिया, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और हल्का बल प्रयोग किया। सुरक्षाबलों ने संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी है ताकि हिंसा को और फैलने से रोका जा सके।
सीओटीयू ने बंद 48 घंटे और बढ़ाया, त्वरित कार्रवाई की मांग
दोहरे हत्याकांड के विरोध में कुकी संगठन ‘कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी’ (सीओटीयू) ने अपने आंदोलन को तेज करने का फैसला किया है। संगठन ने शव बरामद होने के बाद रविवार को 24 घंटे के जिलेव्यापी बंद का आह्वान किया था, जिसे अब 48 घंटे के लिए और बढ़ा दिया गया है। संगठन ने राज्य सरकार और प्रशासन पर मामले में ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए हत्याकांड में शामिल दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।