Sundernagar News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र में बिजली बोर्ड के एक 25 वर्षीय पार्ट टाइम कर्मचारी ने घर के भीतर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। इस दर्दनाक घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने शव को तुरंत कब्जे में लेकर नेरचौक मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घर लौटते ही कमरे में फंदे से झूला युवक
मृतक की पहचान सुंदरनगर तहसील के गांव संगाहन (जुगाहन) निवासी देवेंद्र कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, देवेंद्र रविवार की शाम को बाहर से घूमकर वापस घर आया और सीधे अपने कमरे में चला गया। करीब आठ बजे परिजन कमरे में पहुंचे, तो वह फंदे से लटका हुआ पाया गया।
परिजनों ने किसी भी साजिश या अनहोनी से किया इनकार
परिजन उसे तत्काल लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतक के चाचा चमन लाल के बयान दर्ज किए हैं। परिजनों ने किसी भी प्रकार की साजिश या संदेह से साफ इनकार किया है।
सुंदरनगर के डीएसपी भारत भूषण ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। इस अप्रत्याशित घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच जारी है।