महादेव सट्टा एप मामला: रायपुर और महासमुंद में सीबीआई की दबिश, मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर 7 दिन की ईडी रिमांड पर

Share

- Advertisement -

Raipur News: महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई तेज हो गई है। शुक्रवार को सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने रायपुर की समता कॉलोनी और महासमुंद जिले में छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। दूसरी ओर, विशेष अदालत ने मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को सात दिनों की ईडी रिमांड पर सौंप दिया है।

सीबीआई की एक टीम ने शुक्रवार सुबह रायपुर के समता कॉलोनी निवासी मोहित सोमानी के आवास पर दबिश दी और करीब दो घंटे तक तलाशी ली। जांच के बाद टीम अपने साथ कई दस्तावेज जब्त कर ले गई। जांच एजेंसियों के अनुसार, मोहित सोमानी महादेव सट्टा एप के प्रमोटरों से जुड़ा रहा है। आरोप है कि उसने 35 लाख रुपये में सट्टा पैनल खरीदा था और ‘महादेव 364’ पैनल के जरिए ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क संचालित करता था।

उल्लेखनीय है कि मोहित सोमानी को नवंबर 2024 में रायपुर पुलिस ने कोलकाता के न्यू टाउन इलाके से और रायगढ़ पुलिस ने गोवा से गिरफ्तार किया था। वह वर्तमान में रायगढ़ जेल में बंद है।

महासमुंद में कारोबारी के घर देर शाम तक कार्रवाई

सीबीआई की दूसरी टीम ने महासमुंद जिले में कारोबारी राधेश्याम अग्रवाल के घर पर दबिश दी, जहां देर शाम तक जांच की कार्रवाई जारी रही। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोना और नकली नोट छापे जाने की शिकायत के आधार पर यह छापेमारी की गई है। हालांकि, सीबीआई की ओर से इस कार्रवाई के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ करेगी ईडी

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अब महादेव सट्टा मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से मनी लॉन्ड्रिंग, हवाला के जरिए हुए लेन-देन और अवैध वित्तीय नेटवर्क के संबंध में पूछताछ करेगी। शुक्रवार को विशेष अदालत में चली लंबी बहस के बाद देर शाम सौरभ चंद्राकर की सात दिन की कस्टोडियल रिमांड स्वीकृत कर ली गई।

इससे पहले आठ दिन की सीबीआई रिमांड पूरी होने के बाद सौरभ को बुधवार को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया था। उस समय ईडी ने उसे अपनी हिरासत में लेने के लिए आवेदन दिया था, जिसे अदालत ने अस्वीकार करते हुए एजेंसी को विशेष पीएमएलए (PMLA) अदालत में आवेदन करने का निर्देश दिया था। इसके बाद ईडी ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर प्रोडक्शन वारंट हासिल किया और शुक्रवार को पेशी के दौरान रिमांड प्राप्त की।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News