कुल्लू अस्पताल में प्रसूता मंजू शर्मा की मौत पर हंगामा तेज, बंटी सराजी अनशन पर बैठे तो भड़के विधायक सुंदर सिंह

Share

- Advertisement -

Kullu News: कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में 21 साल की प्रसूता मंजू शर्मा की मौत का मामला एक बार फिर गरमा गया है। ढालपुर मैदान में विशाल प्रदर्शन के बाद आंदोलनकारी बंटी सराजी और संजय चौहान अनशन पर बैठ गए हैं। वहीं स्थानीय विधायक सुंदर सिंह ठाकुर प्रदर्शनकारियों पर भड़क गए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा कराई गई मजिस्ट्रेट और विभागीय जांच के बावजूद परिजनों ने डॉक्टर को बचाने का आरोप लगाया है। सैकड़ों लोगों ने सड़कों पर उतरकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल के इस्तीफे की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल में खाली पदों को भरने और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने की मांग उठाई है।

सामाजिक कार्यकर्ता बंटी सराजी ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में लीपापोती की गई है और वह इस मामले को लेकर हाई कोर्ट जाएंगे। बंटी सराजी ने चुनौती दी कि अगर जांच अधिकारी आमने-सामने बैठकर बात करें और गलती न निकले, तो वह अनशन खत्म कर देंगे।

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने डीसी कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। किरण नामक महिला ने बताया कि डीसी दफ्तर में उनके फोन छीनकर वीडियो डिलीट किए गए। दूसरी ओर, विधायक सुंदर सिंह ने कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ हैं और उन्होंने रिपोर्ट से पहले ही आरोपी स्टाफ को सस्पेंड कराया था।

कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ने आरोप लगाया कि बाहरी लोग और ब्लॉगर्स व्यूज बढ़ाने के लिए माहौल बिगाड़ रहे हैं। उन्होंने इसे भाजपा द्वारा प्रायोजित आंदोलन करार दिया। विधायक ने कहा कि वह बच्चे को गोद लेने के लिए तैयार हैं, लेकिन बिना जांच के किसी डॉक्टर को फांसी पर नहीं लटकाया जा सकता।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News